लाहुल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति जिले में लगातार हो रही बारिश और नालों में आई बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले कुछ दिनों से जाहलमा नाले में पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर बहकर आ रहे हैं। इस मलबे के कारण चंद्रभागा नदी का बहाव प्रभावित हो गया है और करीब एक किलोमीटर लंबी झील बन गई है। हालात ऐसे हैं कि आसपास के कई गांवों में खतरा बढ़ गया है।

झील बनने से पुल और खेत पानी में डूबे

चंद्रभागा नदी में बनी इस झील का असर अब आसपास के इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है। जोबरंग पुल पूरी तरह पानी की चपेट में आ गया है और नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। इसके साथ ही आसपास के खेत भी जलमग्न हो गए हैं। पुल डूबने के कारण जोबरंग, रापे और राशेल गांव के लोगों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशा तस्कर महिला की दबंगई देख दंग रह गई पुलिस, हिरासत में लेकर पहुंचाई थाने

चार साल से बनी हुई है परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि जाहलमा नाले में मलबा आने की समस्या कोई नई नहीं है। पिछले चार साल से हर बारिश के मौसम में यही हालात बनते हैं। नाले में आने वाली बाढ़ की वजह से लगातार भूमि कटाव हो रहा है, जिससे खेतों और आसपास की जमीन को नुकसान पहुंच रहा है। हर साल यह समस्या और गंभीर होती जा रही है।

क्षतिग्रस्त पुल से लोगों की बढ़ी दिक्कत

जाहलमा नाले पर बना पुल मई महीने में हुए भूस्खलन के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। तब से लोग बीआरओ द्वारा बनाई गई अस्थायी पुलिया के सहारे आवाजाही कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू का बड़ा दावा- कई BJP विधायक कांग्रेस में आने को तैयार, जल्द थाम सकते हैं हाथ

इस रास्ते का इस्तेमाल उदयपुर उपमंडल के लोगों के साथ-साथ पांगी घाटी के लोग भी कर रहे हैं। हालांकि बीआरओ नए पुल का निर्माण तेजी से कर रहा है, लेकिन जब तक पुल तैयार नहीं हो जाता, तब तक मनाली-तांदी मार्ग पर सफर करने वालों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। 

दोपहर बाद और बढ़ जाता है खतरा

जाहलमा के अलावा मयाड़ और जिसपा नालों में भी इन दिनों बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। दोपहर के बाद इन नालों में पानी का बहाव काफी तेज हो जाता है, जिससे सड़क पार करना और यात्रा करना जोखिम भरा हो जाता है। स्थानीय लोगों और यात्रियों को काफी सतर्क रहने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें : शिक्षक भर्ती में उलझी सुक्खू सरकार- हजारों छात्रों ने छोड़ दिए CBSE स्कूल, परिजन परेशान

प्रशासन ने यात्रा में बरतने को कहा एहतियात

मयाड़ घाटी में भी नालों में आई बाढ़ से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लाहुल-स्पीति प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम और हालात की जानकारी लेकर ही यात्रा करें। अधिकारियों का कहना है कि चंद्रभागा नदी में बनी झील से जसरथ, फिरोथ समेत पांच गांवों और पांगी घाटी तक खतरा हो सकता है, इसलिए हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

विधायक बोलीं- हालात पर रखी जा रही नजर

क्षेत्र की विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल नदी का बहाव जारी है और संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि हालात बिगड़ते हैं तो लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम तुरंत उठाए जाएंगे।