बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के चर्चित बंबर ठाकुर गोलीकांड मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर गोली चलाने के मामले में मुख्य आरोपी और शार्प शूटर अमन उर्फ काकू पुलिस हिरासत से फरार हो गया है।
हिमाचल पुलिस की बड़ी चूक
आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर पुलिस प्रशासन ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिस कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी विभागों में खुली बंपर भर्तियां : भरें जाएंगे 300 पद, जानें कितनी मिलेगी सैलरी
गोलीकांड का आरोपी हिरासत से फरार
जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस की एक टीम अमन उर्फ काकू को एक मामले में पेशी के लिए दिल्ली लेकर गई थी। अदालत में पेशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस टीम उसे वापस बिलासपुर ला रही थी।
पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
इसी दौरान दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित टिकरी बॉर्डर के पास आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और उसे पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार ने गरीब परिवारों को दिया झटका- हिमकेयर योजना में बड़ा बदलाव, अब नहीं होंगे फ्री टेस्ट
दो पुलिसकर्मी निलंबित, विभागीय जांच शुरू
पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने के मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए बिलासपुर पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी किन परिस्थितियों में फरार हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई।
कई राज्यों की पुलिस तलाश में जुटी
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : कर्ज से बचने के लिए युवक ने रचा षडयंत्र, म.रने का किया नाटक- बाद में निकला जिंदा
चर्चित रहा था बंबर ठाकुर गोलीकांड
गौरतलब है कि पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर हुई फायरिंग की घटना प्रदेशभर में चर्चा का विषय बनी थी। इस मामले में अमन उर्फ काकू को मुख्य आरोपी माना जाता है। ऐसे में उसका पुलिस हिरासत से फरार होना सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
