सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कुनिहार क्षेत्र के हाटकोट गांव में एक घर में उस समय चीख-पुकार मच गई, जब रोजमर्रा के घरेलू काम के दौरान एक महिला अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि 46 वर्षीय महिला की जान चली गई। कुछ ही पलों में एक हंसता-खेलता परिवार गहरे सदमे में डूब गया और घर की खुशियां मातम में बदल गईं।
घास काटने के लिए चलाई थी टोका मशीन
जानकारी के अनुसार बनिता शुक्रवार को घर के कामकाज में व्यस्त थीं। रोजाना की तरह वह घास काटने के लिए टोका मशीन चला रही थीं। इसी दौरान अचानक मशीन में करंट दौड़ गया और वह बिजली की चपेट में आ गईं। करंट लगने के बाद महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के लोग घबरा गए। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए महिला को उपचार के लिए कुनिहार अस्पताल पहुंचाया।
यह भी पढ़ें : 'हम जुबान नहीं चलाते... काम करते हैं', अनुराग ठाकुर ने सीएम सुक्खू और रजनी पाटिल को जमकर लताड़ा
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन बनिता को बचाने की उम्मीद में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के इस ऐलान के साथ ही परिवार की उम्मीदें टूट गईं। जिस घर में कुछ देर पहले तक रोजमर्रा की जिंदगी चल रही थी, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। महिला की असमय मौत से पति और परिवार के अन्य सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतका की पहचान बनिता पत्नी राजेश कुमार, निवासी हाटकोट के रूप में हुई है। हादसे की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
करंट ने छीन ली परिवार की सदस्य
बनिता की मौत की खबर ने हाटकोट गांव को भी गमगीन कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार वह मिलनसार और नेकदिल स्वभाव की महिला थीं। सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भी उनका परिवार सक्रिय रहता था। एक मामूली से घरेलू काम के दौरान हुए इस हादसे ने परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा। बिजली के करंट ने एक परिवार से उसकी सदस्य छीन ली और देखते ही देखते घर की खुशियां मातम में बदल गईं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सीजन की पहली बर्फबारी, किन्नौर में बिछी सफेद चादर; 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अर्की अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद गमगीन माहौल में महिला का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टोका मशीन में अचानक करंट किस वजह से आया।
यह भी पढ़ें : दिवाली से पहले कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, सीएम सुक्खू ने कर दिया DA देने का ऐलान, जाने क्या कहा
कुनिहार विकास सभा ने जताया दुख
महिला की अचानक हुई मौत से हाटकोट सहित पूरे कुनिहार क्षेत्र में शोक का माहौल है। कुनिहार विकास सभा के प्रधान धनीराम तनवर सहित कार्यकारिणी सदस्यों भागमल तनवर, जगदीश ठाकुर और दीपराम ठाकुर समेत अन्य पदाधिकारियों ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: किशोरी को जबरन जंगल में ले जाकर दो युवकों ने किया मुंह काला, अब जेल में कटेंगे 20 साल
घरेलू मशीनों के इस्तेमाल में सावधानी जरूरी
यह हादसा घरों में बिजली से चलने वाली कृषि और घरेलू मशीनों के इस्तेमाल के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत भी बताता है। मशीन में खराबी, कटे हुए तार या बिजली के रिसाव की स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है। हाटकोट में टोका मशीन से निकली करंट की एक चिंगारी ने एक परिवार की पूरी दुनिया बदल दी। 46 वर्षीय बनिता की मौत से घर का आंगन सूना हो गया और गांव में भी मातम छा गया।
