देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। इस खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कांगड़ा के देहरा में श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक पलट गया। हादसे के समय ट्रक में 40 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद श्रद्धालुओं की चीखों से पूरा क्षेत्र दहल उठा। श्रद्धालुओं की चीखें सुन कर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और बचाव कार्य शुरू किया।

श्रद्धालुओं से भरा ट्रक पलटा

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा देहरा के समीपवर्ती गांव धवाला में हुआ है। यहां ज्वालाजी माता मंदिर के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर चीख.पुकार मच गई और आसपास का पूरा क्षेत्र श्रद्धालुओं की दर्दभरी आवाजों से गूंज उठा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में महंगा हो गया पेट्रोल-डीजल, इन पंपों पर आज से लागू हुए नए रेट; जानें कितने बढ़े दाम

कई श्रद्धालु हुए घायल

ट्रक में करीब 35 से 40 श्रद्धालु सवार थे, जो पंजाब के मलोट क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। दर्शन के बाद सभी अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा उनकी यात्रा पर भारी पड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक का संतुलन बिगड़ते ही वह सड़क किनारे पलट गया, जिससे उसमें बैठे लोग बुरी तरह घायल हो गए। इस हादसे में 10 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा ऐलान: बंद होगी जयराम की 'हिमकेयर' योजना; लाएंगे "नई इंश्योरेंस पॉलिसी"

स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को ट्रक से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल देहरा भेजा गया। कई श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बड़े अस्पतालों में रेफर किए जाने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू का बड़ा एक्शन : विजलेंस को सौंपी हिमकेयर में हेराफेरी की जांच- खुलेंगी कई परतें

पुलिस कर रही हादसे की जांच

प्रशासन की ओर से फिलहाल घायलों की सटीक संख्या और उनकी हालत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन का कहना है कि घायलों को हर संभव बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें