किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रोघी संपर्क मार्ग पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला है। जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मृतक की जेब से मिला आधार कार्ड
फिलहाल, मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस टीम को मृतक की जेब से एक आधार कार्ड मिला है। मगर उस पते पर तस्दीक करने पर इस नाम का कोई भी व्यक्ति नहीं मिला है। जिससे से यह मामला काफी पेचीदा बना हुआ है।
रोड के नीचे पड़ी थी सड़ी-गली लाश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रिकांगपिओ थाना पुलिस को रोघी रोड में आर्मी सिग्नल कैंप के नीचे एक शव के पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम तुंरत मौके पर पहुंची और सड़ी-गली लाश को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस को मृतक की जेब से एक आधार कार्ड मिला है। जिसमें टक बिष्ट पुत्र दिल्ली बहादुर रेडी मार्केट झाकडी, रामपुर, जिला शिमला लिखा हुआ है। हालांकि, इस एड्रेस पर पूछताछ करने पर वहां इस नाम का कोई व्यक्ति नहीं पाया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का एक और शराबी शिक्षक: टल्ली होकर पहुंचा स्कूल और फिर..
बाजू पर है कट का निशान
शुरुआती जांच में मृतक की उम्र 35 वर्ष बताई जा रही है। मृतक का कद 5 फुट 5 इंच, सामान्य शरीर और उसने नीले व ग्रे रंग की जैक्ट और हल्के हरे व काले रंग की टी-शर्ट पहनी है। मृतक की बाजू में कट का निशान भी है। पुलिस टीम ने शव को क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ के शव गृह में रख दिया है।
यह भी पढ़ें : घर से करती थी नशा सप्लाई, चरस समेत महिला हई अरेस्ट
शव गृह में रखवाया शव
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक नवीन जाल्टा ने बताया कि मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के पते के मुताबिक अभी ऐसे किसी भी व्यक्ति का पता नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि मृतक का शव रिकांगपिओ अस्पताल के शव गृह में रखा गया है। अगर किसी भी परिवार का सदस्य गुम हो गया हो तो वह अस्पताल आकर शव की पहचान कर सकते हैं।
