कालाअंब (नाहन)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ट्रांसपोर्टर की पुल से नीचे गहरी खड्ड में गिरने से मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि खड्ड में पत्थरों पर गिरने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादस ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बताया जा रहा है शख्स आधी रात को ढाबे में खाना खाने के बाद अपने ट्रक में सोने के लिए जा रहा था, लेकिन इसी बीच उसके साथ यह दर्दनाक हादसा हो गया।
ट्रक में जा रहा था सोने खड्ड में जा गिरा
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 48 वर्षीय धनवीर ठाकुर के रूप में हुई है। वह ट्रांसपोर्ट का काम करता था और घटना वाली रात भी अपने ट्रक के साथ कालाअंब के मोगीनंद क्षेत्र में मौजूद था। बताया जा रहा है कि देर रात उसने नजदीक स्थित एक ढाबे में भोजन किया और इसके बाद आराम करने के लिए अपने ट्रक की ओर लौट रहा था।
यह भी पढ़ें : HRTC कर्मी ने 4 साल तक नोची महिला, ध.म.का कर जबरन बनाता था संबंध; ऐसे चुप रहने को की मजबूर
ट्रक तक पहुंचने से पहले हुआ हादसा
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार ट्रक मोगीनंद पुल के समीप खड़ा था। जब धनवीर ठाकुर ट्रक के पास पहुंचे और दरवाजा खोलने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वह पुल से नीचे गहरी खड्ड में जा गिरे। रात का समय होने के कारण किसी को तुरंत घटना का पता नहीं चल पाया।
पत्थरों पर गिरने से मौके पर ही चली गई जान
बताया जा रहा है कि खड्ड में गिरते समय उनका सिर नीचे पड़े पत्थरों से टकरा गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि उन्हें संभलने का कोई मौका तक नहीं मिला। सुबह जब लोगों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : दो दोस्तों ने लूटी छात्रा की इज्जत, कंप्यूटर सेंटर में हुई थी दोस्ती- वीडियो भी बनाई
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बाद में शव को चिकित्सीय परीक्षण के लिए नाहन भेजा गया, जहां सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : विदेश में नौकरी करने का मौका, हर महीने मिलेगी एक लाख तक सैलरी- जल्द करें अप्लाई
हादसा या कुछ और, हर पहलू की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है ताकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पूरी तरह पता लगाया जा सके।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि क्षेत्र में भी शोक का माहौल बना हुआ है। एक साधारण रात में भोजन करने के बाद आराम करने जा रहे व्यक्ति की इस तरह अचानक मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है।
