शिमला। हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने एक बार फिर तेजी से दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में इसका असर और भी कड़ाके का रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में अगले एक सप्ताह तक तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी।

हिमाचल में ठंड का अलर्ट

कई शहरों में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे जा सकता है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह-शाम शीतलहर जैसी स्थिति बनने की आशंका है। वहीं, मध्यम पहाड़ी इलाकों में भी रातें काफी ठंडी रहेंगी और लोगों को ठंड से बचाव के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें : ठंड के आगोश में समाने लगा हिमाचल, माइनस तापमान में भी कम नहीं हो रहा सैलानियों का जोश

कई इलाकों का तापमान लुढ़का

बीते 24 घंटों में मौसम का मिजाज अचानक बदला है। प्रदेश के 26 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे जा चुका है, जबकि 14 शहरों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से कम दर्ज हुआ है। चार शहर ऐसे हैं जहां रात का पारा माइनस में पहुंच गया, जिससे स्थानीय लोगों की दिक्कतें बढ़ गईं।

 

प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री नीचे चला गया है, जो आने वाले हफ्ते में और नीचे खिसक सकता है। पहाड़ी इलाकों में पेड़ों पर पाला जमने लगा है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी जमने की स्थिति बनने लगी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंचायत चुनावों को लेकर बड़ा अपडेट, चुनाव आयोग इसी माह जारी कर सकता है शेड्यूल

कोहरे का यलो अलर्ट जारी

इधर मंडी और बिलासपुर जिलों में कोहरे की समस्या भी बढ़ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंडी जिले की बल्ह घाटी और बिलासपुर के भाखड़ा डैम के आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

कम हो सकती है विजिबिलिटी

सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी सुबह 10 बजे तक काफी कम रह सकती है। इसके चलते वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी। कोहरे के कारण सड़कों पर फिसलन भी बढ़ सकती है और धीमी गति से चलने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल : घर से गांव के युवाओं को सप्लाई हो रहा था चिट्टा, पुलिस ने मां-बेटी संग 3 किए अरेस्ट

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ठंड से बचाव के सभी इंतजाम पहले से करने, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा के दौरान अतिरिक्त गर्म कपड़े और जरूरी सामान साथ रखने की सलाह दी है।

फसलों का रखें खास ख्याल

किसानों और बागवानों को भी शीतलहर से फसलों पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए जरूरी एहतियात अपनाने की हिदायत दी गई है। हिमाचल में सर्दी का असली असर अब शुरू होने वाला है और अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में ठिठुरन बनी रहेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें