सिरमौर। जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले भारतीय सेना के वीर जवान ग्रेनेडियर कपिल का सड़क हादसे में निधन हो गया। जम्मू-कश्मीर में तैनात ग्रेनेडियर कपिल छुट्टी पर घर आए हुए थे, इसी दौरान उत्तराखंड के सेलाकुई में हुए एक सड़क हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

बीती देर रात ली अंतिम सांस

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद उन्हें सेलाकुई स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां वे बीते कई दिनों से जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे थे।

यह भी पढ़ें : कश्मीर में सेना की गाड़ी गहरी खाई में गिरी:10 जवानों की मौ.त- 11 घायलों को किया एयरलिफ्ट

हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद बुधवार देर रात करीब 2 बजकर 50 मिनट पर देश का यह जांबाज सपूत वीरगति को प्राप्त हो गया। उनके शहीद होने की सूचना संबंधित सैन्य बटालियन को पहले ही दे दी गई थी।

6 भाई-बहनों में सबसे बड़े थे कपिल

ग्रेनेडियर कपिल भारतीय सेना की प्रतिष्ठित ग्रेनेडियर रेजिमेंट में 18 सितंबर 2018 को भर्ती हुए थे। वे 16वीं बटालियन के अंतर्गत वर्तमान में 55वीं राष्ट्रीय राइफल्स के साथ जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। मात्र 27 वर्ष की आयु में उन्होंने देश सेवा का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिस पर पूरा क्षेत्र गर्व करता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस का खनन माफिया पर चला 'डंडा' : एक साथ 39 ट्रैक्टर-ट्राले किए सीज

02 जून 1998 को जन्मे कपिल, शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिल्ला के पटना गांव के निवासी थे। वे पंचराम और जयंती देवी के छह संतानों में सबसे बड़े, जिम्मेदार और होनहार बेटे थे। परिवार वाले उनके उज्ज्वल भविष्य और जल्द शादी के सपने संजोए हुए थे, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ छीन लिया।

सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

उनके शहीद होने की खबर फैलते ही पूरे गिरिपार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में हर आंख नम है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भूतपूर्व सैनिक संगठन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने एक बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ सैनिक खो दिया है।

यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव पर फिर घमासान : आयोग मांग रहा वोटर लिस्ट, लेट-लतीफी कर रही सुक्खू सरकार!

ग्रेनेडियर कपिल का अंतिम संस्कार कल यानी शुक्रवार को उनके पैतृक गांव पटना, डाकघर मिल्ला, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। देश हमेशा उनकी शहादत, साहस और सेवा को याद रखेगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें