#हादसा
March 10, 2026
हिमाचल: पैदल घर जा रहे शख्स को निजी बस ने कुचला, थम गई सांसें; पसरा मातम
निजी बस चालक की जल्दबाजी ने छीन ली एक परिवार की खुशियां
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे अब गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। एक दिन पहले ही ऊना जिले में स्कूल बस की चपेट में दो मासूम बच्चियां आ गई थीं, जिसमें एक की मौत हो गई थी। इस दर्दनाक घटना के बाद अब जिले के अंब क्षेत्र में एक और हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक निजी बस की टक्कर से एक बुजुर्ग की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार ऊना जिले के अंब थाना क्षेत्र के कैलाश नगर नकड़ोह इलाके में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सरण दास नामक बुजुर्ग लिंक रोड पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान रूट पर जा रही एक निजी बस तेज रफ्तार में आई और उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की राजनीति में आएगा बड़ा भूचाल! कांग्रेस-भाजपा के 40 दिग्गजों ने की गुप्त बैठक, जानें कारण
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें सीटी स्कैन के लिए अंब भेजा। परिजन जांच करवाकर वापस अस्पताल लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर...केंद्र से फरमान जारी- जानिए क्या है वजह
लगातार हो रहे हादसों के बाद लोगों में आक्रोश भी बढ़ने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निजी बस चालकों के बीच सवारियां भरने की होड़ लगी रहती है। इसी कारण कई चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जो आम लोगों की जान के लिए खतरा बन रहा है।
ऊना जिले में एक ही दिन के भीतर दो बड़े सड़क हादसों ने प्रशासन और लोगों दोनों को झकझोर दिया है। पहले स्कूल बस की टक्कर से एक बच्ची की मौत और अब बुजुर्ग की जान जाने से सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।