#हादसा

March 15, 2026

हिमाचल में दर्द*नाक हाद*सा: कुएं में गिरने से हुई युवक की मौ*त- परिवार में मची चीख-पुकार

जवान बेटे के जाने से बेबस हुआ परिवार

शेयर करें:

Himachal News

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के उपमंडल थुरल से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां शनिवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक की कुएं में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने ना केवल परिवार को झकझोर कर रख दिया है बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

पूजा के लिए पानी लेने गया था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अक्षय जम्वाल (पुत्र गन्धर्व सिंह जम्वाल) निवासी ग्राम पंचायत डूहक के गांव डूहक कलां के रूप में हुई है। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे अक्षय घर के पास स्थित कुएं पर पूजा के लिए पानी लेने गया था। बताया जा रहा है कि जब वो कुएं से पानी निकाल रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वो सीधे गहरे पानी में जा गिरा। अक्षय को तैरना नहीं आता था जिसके कारण वो खुद को बचाने में असमर्थ रहा और गहरे पानी में डूब गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल का मौसम लेगा करवट: बारिश-बर्फबारी के साथ चलेंगी तेज हवाएं- जानें IMD का अपडेट

परिजनों ने चप्पलें देख मचाया शोर

काफी देर तक जब अक्षय घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी। तलाश करते हुए जब वे कुएं के पास पहुंचे तो वहां पानी के ऊपर अक्षय की चप्पलें तैरती मिलीं। किसी अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने तुरंत शोर मचाना शुरू किया। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर जमा हो गए।

गांव के युवाओं का साहसी प्रयास

हादसे की जानकारी मिलते ही गांव के दो साहसी युवक अंकू और विवेक तुरंत कुएं में उतरे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद अक्षय को गहरे पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में परिजन उसे सिविल अस्पताल थुरल ले गए लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल में डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद अक्षय को मृत घोषित कर दिया।

 

यह भी पढ़ें : बॉलीवुड में चमकेगा हिमाचल का सितारा, सुपरस्टार अक्षय कुमार के साथ इस फिल्म में करेगा अभिनय

प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। डूहक पंचायत की प्रधान अंचनी देवी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि अक्षय का परिवार अत्यंत गरीब है और जवान बेटे की मौत ने परिवार की कमर तोड़ दी है। प्रधान और ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें जल्द से जल्द उचित सरकारी सहायता प्रदान की जाए।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख