#हादसा
March 14, 2026
हिमाचल: पोल पर चढ़े युवक को लगा करंट, सुपरवाइजर ने कहा था बंद है बिजली, परिवार ने खोया बेटा
विभाग की लापरवाही ने ली युवक की ब.लि, पोल पर चढ़ते ही लगा करंट
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर उपमंडल से एक दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है। बिजली लाइन की मरम्मत का काम कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने पोल पर चढ़ने से पहले बिजली बंद होने की पुष्टि भी की थी, लेकिन इसके बावजूद लाइन में अचानक करंट आ गया और वह खंभे से गिरकर गहरी ढांक में जा गिरा। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। युवक की मौत का कारण कंपनी के अधिकारी की लापरवाही मानी जा रही है। यह हादसा चंबा जिला के उपमंडल भरमौर में हुआ है।
मृतक की पहचान चंबा जिले के टटरोग गांव निवासी छम्मू पुत्र बशीर मोहम्मद के रूप में हुई है। छम्मू अपने परिवार का सहारा था और पिछले करीब दो वर्षों से एक निजी कंपनी के माध्यम से खड़ामुख से बैराज साइट तक 11 केवी बिजली लाइन बिछाने और उसकी मरम्मत का काम कर रहा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अनियंत्रित होकर हवा में लटकी कार, चालक ने लगाई छलांग- नहीं बच पाया
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे छम्मू और उसका भाई महवूब भरमौर में एडीआईटी-06 के पास बिजली लाइन की मरम्मत कर रहे थे। काम शुरू करने से पहले छम्मू ने मच्छेत्तर सब-स्टेशन के साइट सुपरवाइजर बृज मोहन को फोन कर लाइन बंद करवाने के लिए कहा। परिजनों का कहना है कि जब सुपरवाइजर की ओर से बिजली बंद होने की पुष्टि मिली, तभी छम्मू खंभे पर चढ़ा। लेकिन जैसे ही वह ऊपर पहुंचा और तारों को छूने लगा, अचानक तेज करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़ें : कहीं लू के थपेड़े, कहीं गिरेगी बर्फ: हिमाचल के इन 3 जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
करंट लगने के कारण छम्मू का संतुलन बिगड़ गया और वह खंभे से करीब 20 से 25 मीटर नीचे गहरी ढांक में जा गिरा। गिरने से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उसका भाई महवूब और कंपनी के फार्मासिस्ट राजीव कुमार किसी तरह उसे खाई से निकालकर कंपनी की एंबुलेंस से सिविल अस्पताल भरमौर ले गए] लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : कल जारी होगी नई पंचायतों की अधिसूचना, 20 मार्च तक पूरा होगा वार्ड परिसीमन
भरमौर पुलिस को अस्पताल से सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मृतक के भाई के बयान के आधार पर पुलिस ने मच्छेत्तर सब-स्टेशन के साइट सुपरवाइजर बृज मोहन और संबंधित JSW कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह हादसा तकनीकी खराबी से ज्यादा मानवीय लापरवाही का परिणाम हो सकता है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद इलाके में बिजली विभाग और निजी कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि अगर बिजली लाइन वास्तव में बंद होती, तो आज एक जवान बेटा अपनी जिंदगी नहीं खोता। गांव के लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।