सिरमौर। बरसात के मौसम में छोटे बच्चों को नदी-नालों और पानी वाली जगहों से दूर रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि अचानक जलस्तर बढ़ने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला जिला सिरमौर से सामने आया है। यहां नाले के किनारे खेल रहा 12 साल का बच्चा अचानक तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चे की तलाश के लिए तुरंत सर्च अभियान शुरू किया गया।
दोस्तों के साथ नाले के पास खेल रहा था बच्चा
जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर के कालाअम्ब के रामपुर जटान क्षेत्र से सामने आया है। यहां पर बीते कल मंगलवार सुबह 12 वर्षीय बच्चा कुछ अन्य बच्चों के साथ नाले के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरा। तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते बह गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : छुट्टी पर घर आए 29 वर्षीय फौजी की मौ**त, खेत में मिली देह- सदमे में परिवार
चप्पल मिलने के बाद पुलिस को दी सूचना
हादसे के बाद बच्चे की तलाश शुरू की गई। घटनास्थल के पास उसकी चप्पल मिली, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया।
NDRF और होमगार्ड ने चलाया सर्च अभियान
बच्चे को ढूंढने के लिए पुलिस ने NDRF, होमगार्ड जवानों और स्थानीय लोगों की मदद ली। सुबह से लेकर शाम तक नाले के आसपास और पानी के बहाव वाले इलाकों में बच्चे की तलाश की गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के मंदिर में चोरी : पुजारी ही निकला चोर, सोने का छत्र-गहने गायब- कोर्ट ने सुनाई सजा
हरियाणा सीमा के पास मिला बच्चे का शव
काफी तलाश के बाद शाम को हरियाणा सीमा में डेरा गांव के पास बच्चे का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया। अमरजीत (12) निवासी करताहन, तहसील लालगंज, जिला वैशाली, बिहार के रूप में हुई है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
कालाअम्ब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
