सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। सुबह के सन्नाटे को चीरती हुई अचानक जोरदार धमाके की आवाज गूंजी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखा तो कांच और गाड़ियों के शीशे बनाने वाली एक फैक्ट्री में बॉयलर फट गया है, जिसके बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दबाव बढ़ते ही फटा बॉयलर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला सिरमौर के कालाअंब में आज रविवार सुबह करीब 7:30 पेश आया, जब फैक्ट्री में रोज की तरह काम चल रहा था। सुबह की शिफ्ट के कर्मचारी अपने-अपने काम में लगे हुए थे और उत्पादन प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी थी। इसी दौरान अचानक बॉयलर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते उसमें दबाव बढ़ गया और जोरदार धमाके के साथ बॉयलर फट गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मां ज्वाला के दरबार में 82 लाख का चढ़ावा, चैत्र नवरात्र में पहुंचे श्रद्धालुओं से जमा हुई राशि
छत फाड़कर बाहर जा गिरा बॉयलर का ढक्कन
धमाका इतना तेज था कि बॉयलर का ऊपरी हिस्सा यानी ढक्कन अलग होकर फैक्ट्री की छत को चीरता हुआ बाहर सड़क पर दूर जा गिरा। इस घटना से अंदाजा लगाया जा सकता है कि धमाका कितना शक्तिशाली था। फैक्ट्री के अंदर मौजूद मशीनों और ढांचे को भी काफी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में फैक्ट्री को करीब 3 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री प्रबंधन और स्टाफ ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घायल कर्मचारियों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। गनीमत यह रही की किसी को ज्यादा जान का नुकसान नहीं पहुंचा।
यह भी पढ़ें : 2027 के फाइनल के लिए टीम सुक्खू तैयार, अनुभव व यूथ में तालमेल बिठाने की कोशिश- देखें लिस्ट
जांच के बाद सामने आएगी असली वजह
पुलिस और तकनीकी टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर इसे बॉयलर फटने की घटना माना जा रहा है, लेकिन जांच के बाद ही साफ होगा कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या किसी लापरवाही का नतीजा था।
