मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। जोगिंद्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार छह दोस्तों की मौत हो गई।
6 दोस्तों की एक साथ मौत
दुर्घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भयावह था कि खाई में गिरने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह की नए जिलों के गठन पर दोटूक, बोले- शिमला एक था-एक ही रहेगा
गहरी खाई में गिरी कार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी छह लड़के मंगलवार को अपने घरों से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच बुधवार को लडभड़ोल पेट्रोल पंप के पास एक कार के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली। जब लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया। खाई में दुर्घटनाग्रस्त कार में छह लड़के सवार थे।
मलबे में तब्दील हुआ वाहन
बताया जा रहा है कि कार लडभड़ोल पेट्रोल पंप के नजदीक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खड्ड में जा गिरी। वाहन करीब 500 मीटर नीचे गिरा। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण कार के परखच्चे उड़ गए और वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
यह भी पढ़ें : विंटर सेशन : जयराम का आरोप, CM सुक्खू ने सदन में लांघी शब्दों की मर्यादा- मांगे माफी
कार में फंसे थे सभी लड़के
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर खाई में उतरने का प्रयास किया, ताकि कार में फंसे लड़कों को बाहर निकाला जा सके। लोगों ने बचाव के लिए हरसंभव कोशिश की, लेकिन तब तक सभी छह लड़कों की मौत हो चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे ने मौके पर मौजूद लोगों को भी झकझोर दिया।
बेटे को देखने के लिए बिलखती रही मां
हादसे की खबर जैसे-जैसे आसपास के गांवों में पहुंची, बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटनास्थल पर एक महिला अपने बेटे से मिलने की गुहार लगाते हुए जोर-जोर से रोती नजर आई। वह बार-बार लोगों से कह रही थी कि उसे उसके बेटे से मिलवा दो। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। हादसे की भयावहता और परिवारों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गमगीन हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : महिला का उजड़ा सुहाग, 2 दिन बाद घर आने वाले था नन्हा मेहमान- सदमे में परिवार
रातभर घर नहीं लौटे थे लड़के
जानकारी के अनुसार, सभी छह लड़के मंगलवार को घर से निकले थे। देर रात तक उनके वापस नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता होने लगी। बुधवार को उनकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान कार के खाई में गिरने की घटना का पता चला। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतकों की नहीं हुई पहचान
फिलहाल मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि कार किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुई और चालक वाहन से नियंत्रण कैसे खो बैठा। लडभड़ोल में हुए इस हादसे ने छह परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक साथ छह लड़के की जान जाने से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें : 'एक कचौड़ी दो समोसा, जयराम तेरा क्या भरोसा'- GEN-Z वाले नारों से गूंजा तपोवन
कहां गए थे लड़के
बताया जा रहा है कि यह सभी लड़के सिमस में किसी नामकरण समारोह में गए थे। वहां से वापस आते वक्त इनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। मृतकों में कुछ नाबालिग भी शामिल है। जानकारी है कि ये लड़के लडभड़ोल बाजार में दुकान और अपना व्यवसाय चलाने वालों के बच्चे थे।
