कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की जिंदगी बदल कर रख दी। धर्मशाला के नरघोटा क्षेत्र में एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे एक 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भयावह था कि डॉक्टरों को युवती की जान बचाने के लिए उसकी एक बाजू तक काटनी पड़ी।

400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी कार

जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना बीते कल यानी बुधवार शाम को नरघोटा इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि कार सड़क से फिसलकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में धर्मशाला के शिला चौक निवासी अक्षय कौरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार 28 वर्षीय युवती को गंभीर चोटें आईं, जिनमें सिर और हाथ की चोटें सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक और म*र्डर: गला रे.त कर मौ*त के घाट उतारा 45 वर्षीय लोहार; पुलिस जांच में जुटी

स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना से कुछ समय पहले दोनों सड़क किनारे रुककर प्राकृतिक दृश्यों की फोटो और वीडियो बना रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते कार खाई में लुढ़क गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

डेढ़ घंटे बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला

गहरी खाई और दुर्गम इलाके के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला जा सका। अक्षय को बाहर निकालते ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को पहले धर्मशाला अस्पताल ले जाया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मिस्त्री की ह.त्या! आखिरी बार खुद किया था घर पर फोन, बताई थी पूरी बात

बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजना पड़ा। डॉक्टरों के अनुसार युवती के हाथ में गंभीर क्षति होने के कारण उसकी एक बाजू काटनी पड़ी। वहीं सिर में गंभीर चोट लगने के चलते उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

स्टॉक मार्केट कोचिंग देता था अक्षय

बताया जा रहा है कि मृतक अक्षय कौरा युवाओं को स्टॉक मार्केट से जुड़ी ट्रेनिंग और कोचिंग देता था। वहीं घायल युवती उच्च शिक्षा हासिल कर रही थी और मोहाली क्षेत्र से संबंधित बताई जा रही है। दोनों घूमने के उद्देश्य से नरघोटा क्षेत्र पहुंचे थे, लेकिन यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब हालत पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पिछले मानसून के दौरान भूस्खलन से सड़क को नुकसान पहुंचा था।

यह भी पढ़ें : डिलीवरी के बाद बिगड़ी महिली की तबीयत, नर्स बोली- ड्रामा कर रही है, हुई मौ.त

लंबे समय बाद भी सड़क की मरम्मत पूरी तरह नहीं हो सकी। लोगों का आरोप है कि वहां न तो पर्याप्त सुरक्षा बैरियर लगाए गए थे और न ही किसी तरह के चेतावनी बोर्ड मौजूद थे, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसा वाहन के अनियंत्रित होने से हुआ या सड़क की खराब स्थिति ने इसमें भूमिका निभाई। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठा रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।