हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के जिस घर में कुछ दिन पहले तक खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार के साथ कुछ पल बिताने की उम्मीद लेकर छुट्टी पर घर आए BSF जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। जवान को जल्द ही वापस अपनी ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन किसे पता था कि घर आई उनकी यह छुट्टी आखिरी साबित होगी। उनके अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
छुट्टी काटकर वापस ड्यूटी पर लौटने वाला था जवान
जानकारी के अनुसार, विक्रम दत्त शर्मा कुछ दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे। उन्हें वापस अखनूर में अपनी ड्यूटी संभालनी थी, जहां वह देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात थे। एक-दो दिन में वह फिर से ड्यूटी पर लौटने वाले थे, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उनका निधन हो गया।
यह भी पढ़ें : झाड़ियों में मिली लापता सतीश की देह, 24 घंटे से था गायब- सदमे में पूरा परिवार
पत्नी, दो बेटियां और तीन साल के बेटे को छोड़ गए पीछे
विक्रम दत्त शर्मा अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां, महज तीन साल का बेटा और बुजुर्ग मां को छोड़ गए हैं। उनके जाने से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। वहीं, बुजुर्ग मां ने अपना बेटा खो दिया है। इस घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए इस दुख को सहन करना बेहद मुश्किल हो गया है।
पांच महीने पहले पिता का भी हुआ था निधन
परिवार पर दुखों का पहाड़ पहले भी टूट चुका था। बताया जा रहा है कि करीब पांच महीने पहले ही विक्रम दत्त शर्मा के पिता का निधन हुआ था। पिता के जाने के बाद विक्रम ही परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे, लेकिन अब उनके अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कुछ ही महीनों के भीतर परिवार ने अपने दो सदस्यों को खो दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सिख युवक-युवती को नहीं देने दी पटवारी परीक्षा, कड़ा उतारने को कहा- पंजाब तक बवाल
जवान के निधन से पूरे गांव में शोक
विक्रम दत्त शर्मा के अचानक निधन की खबर से उनके गांव कोहलवीं और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। देश की सुरक्षा में तैनात जवान का इस तरह दुनिया से चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। जवान के निधन से हर कोई स्तब्ध है और परिवार के प्रति संवेदनाएं जता रहा है।
