सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां बाहरी राज्य से आए एक 36 साल के श्रद्धालु की अचानक उस समय मौत हो गई, जब वह मंदिर में मां के दर्शन करने के लिए लाइन में लगा था। श्रद्धालु की मौत से उसके दो मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया है। इस घटना से कुछ देर के लिए मंदिर में भी अफरा तफरी मच गई। मामला सिरमौर जिला के कालाअंब क्षेत्र से सामने आया है।

 36 वर्षीय श्रद्धालु की मौत

मिली जानकारी के अनुसार प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर में रविवार को एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने श्रद्धालुओं को भीतर तक झकझोर कर रख दिया। पड़ोसी राज्य हरियाणा से माता के दरबार में माथा टेकने पहुंचे एक युवक ने अचानक प्राण त्याग दिए। 36 वर्षीय राजेश अपने परिवार के साथ माता बाला सुंदरी मंदिर परिसर में स्थित ललिता माता मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा था। वह श्रद्धालुओं की लंबी कतार में खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था] तभी अचानक उसे चक्कर आया और वह वहीं जमीन पर गिर पड़ा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की ये नदी बुझाएगी दिल्ली की प्यास: 50 साल का इंतजार खत्म, मजबूत होगी प्रदेश की आर्थिकी

लाइन में खड़े-खड़े बिगड़ी तबीयत

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और प्राथमिक सहायता देने की कोशिश की। स्थिति गंभीर देखते हुए उसे तुरंत नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया] लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया जा रहा है। इस अचानक हुई घटना से मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं श्रद्धालुओं में भी शोक की लहर दौड़ गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल प्रदेश में बचा है कितने दिन का तेल: मुख्यमंत्री सुक्खू ने विधानसभा में बताया..

दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

राजेश की असमय मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। जिन मासूमों को अपने पिता के साथ मंदिर आने की खुशी थी, उनके सिर से अचानक पिता का साया उठ गया। परिवार के लिए यह हादसा किसी वज्रपात से कम नहीं है। घर का सहारा माने जाने वाले राजेश के यूं अचानक चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

श्रद्धा के बीच छा गया मातम

जहां एक ओर मंदिर परिसर में भक्तों की आस्था और भक्ति का माहौल था, वहीं इस दुखद घटना ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया। लोग एक-दूसरे से यही कहते नजर आए कि जिंदगी का कोई भरोसा नहीं—कब क्या हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें