शिमला। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत और सर्पीली सड़कें इन दिनों हादसों का हॉटस्पॉट बनती जा रही हैं। आए दिन हो रहे ये दर्दनाक सड़क हादसे कई हंसते-खेलते परिवारों को तबाह कर रहे हैं और कई घरों के चिराग बुझा रहे हैं। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला और दर्दनाक हादसा शिमला जिला के रामपुर बुशहर (कुमारसैन थाना क्षेत्र) से सामने आया है, जहां पुलिस चौकी सैंज के अंतर्गत एक कार अनियंत्रित होकर सीधे उफनती हुई सतलुज नदी में जा गिरी।

 

बताया जा रहा है कि नदी का बहाव इतना तेज था कि गिरते ही कुछ ही सेकेंड में वाहन पूरी तरह से पानी में समा गया और दिखना बंद हो गया। हादसे के बाद से ही वाहन का चालक लापता है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस ने युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया है।

आंखों के सामने नदी में समा गई कार

जानकारी के अनुसार यह हादसा कुमारसैन थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी सैंज के अंतर्गत लुहरी-आनी सड़क पर नौरी के समीप सोमवार शाम करीब छह बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पराशन की ओर से आ रही एक सफेद और सिल्वर रंग की कार अचानक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे लुढ़कता हुआ पहाड़ी ढलान से गुजरकर सीधे सतलुज नदी में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही कार नदी के तेज बहाव में समा गई। वाहन का कोई हिस्सा भी दिखाई नहीं दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

यह भी पढें : हिमाचल : छोटी उम्र में DC बनीं अलीषा, सिर्फ एक दिन के लिए संभाली कुर्सी- जानें क्यों

मैकेनिक ने पुलिस को दी घटना की सूचना

घटना के प्रत्यक्षदर्शी मान सुख जो नौरी में ऑटो मोबाइल मैकेनिक का काम करते हैं ने बताया कि वह हादसे के समय अपनी दुकान के नीचे नदी की ओर गए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने कार को अनियंत्रित होते देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 21 साल तक पाकिस्तान में की जासूसी, मंगाराम बोले- बुढ़ापे में सरकार ने छोड़ा साथ

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह!

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन संभवतः तेज रफ्तार में था। मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सीधे खाई की ओर बढ़ गई। पुलिस इस कोण से भी जांच कर रही है कि हादसे के समय वाहन में चालक के अलावा अन्य लोग भी सवार थे या नहीं।

चालक का अब तक कोई पता नहीं

हादसे के बाद से वाहन चालक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। सतलुज नदी का जलस्तर और तेज बहाव राहत एवं खोज अभियान के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है। पुलिस, स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां वाहन तथा चालक का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- पलट गई सुक्खू सरकार- 18 से 20 साल की युवतियों को नहीं मिलेंगे 1500, कई महिलाएं बाहर

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पुलिस चौकी सैंज के जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल राकेश द्वारा की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन और रेस्क्यू टीमें नदी में डूबे वाहन और उसमें सवार लोगों (चालक व अन्य संभावित सवारियों) के बारे में पुख्ता जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : डाकघर में ग्राहकों के पैसे डकार गया उप-डाकपाल; CBI ने खोली पोल, अब जाएगा जेल

पहाड़ी सड़कों पर बढ़ रहे हादसे चिंता का विषय

हिमाचल प्रदेश की संकरी और घुमावदार सड़कों पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और कई बार खराब मौसम ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें