#हादसा
October 29, 2026
हिमाचल : करवाचौथ से पहले उजड़ा महिला का सुहाग, सफेद कपड़े में लिपटी घर पहुंची पति की देह
काम खत्म कर दोस्त के साथ क्वार्टर लौट रहा था कर्ण
शेयर करें:

मंडी। करवाचौथ पर जहां महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखकर उनकी सलामती की दुआ मांग रही हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की हिमानी के लिए यह त्योहार जिंदगी का सबसे दुखद पल बन गया। करवाचौथ से ठीक पहले कुल्लू की स्यांज घाटी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय कृष्ण उर्फ कर्ण की मौत हो गई।
जिस घर में त्योहार की खुशियां होनी थीं, वहां बेटे की मौत से मातम छा गया। कर्ण का शव घर पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कर्ण मंडी जिले के गोहर उपमंडल की बासा पंचायत के कलस गांव का रहने वाला था। वह स्यांज इलाके में JCB मशीन चलाने का काम करता था। बताया जा रहा है कि काम खत्म करने के बाद वह अपने दोस्त प्रेम के साथ कार में बैठकर क्वार्टर की ओर जा रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में करवाचौथ की धूम: 16 श्रृंगार में सजी सुहागन महिलाएं, जानें कब निकलेगा चंद्रमा
इसी दौरान धाओगी सड़क पर चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार नीचे बनी सड़क पर जाकर अटक गई। इस हादसे में कर्ण की मौके पर ही मौत हो गई।
इस दुर्घटना में कार में सवार कर्ण का दोस्त प्रेम भी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रेम की उम्र 25 साल है और वह स्यांज के रोपा गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम रूपलाल बताया गया है। हादसे के बाद घायल प्रेम को इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पांच दिन बारिश-बर्फबारी : तेज आंधी-तूफान के साथ बरसेंगे बादल, 6 जिलों में अलर्ट
कुल्लू पुलिस ने हादसे की सूचना देर रात ही दोनों युवकों के परिजनों को फोन पर दे दी थी। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। करवाचौथ से ठीक एक दिन पहले हुए इस हादसे ने हिमानी और उसके परिवार की खुशियां छीन लीं। कर्ण की अचानक मौत से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। वहीं, कलस गांव सहित पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।