#हादसा
October 24, 2026
हिमाचल : पानी के टैंक में गिरा साढ़े तीन साल का मासूम, मां-दादी के सामने निकले प्राण
मां और दादी के साथ खेत गया था बच्चा
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। झंडूता उपमंडल के कसेह गांव में खेत के पास बने पानी के स्टोरेज टैंक में डूबने से साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में भी मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बीते कल शुक्रवार को बच्चा अपनी मां और दादी के साथ घर के पास खेतों में गया था। परिवार के लोग खेत के काम में व्यस्त थे। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते खेत के पास बने पानी के स्टोरेज टैंक के नजदीक पहुंच गया। इसी बीच अचानक उसका पैर फिसला और वह पानी से भरे टैंक में जा गिरा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जगह बारिश-बर्फबारी; जानें अपडेट
बच्चे के टैंक में गिरने का पता चलते ही परिजनों ने बिना देर किए उसे बाहर निकाला। हादसे के बाद बच्चे की हालत काफी गंभीर थी। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए बिलासपुर स्थित एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने की पूरी कोशिश की और उसकी जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने विनायक को मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चे की पहचान कसेह गांव निवासी जितेंद्र कुमार के बेटे विनायक उर्फ गणी के रूप में हुई है।
बच्चे की मौत की सूचना मिलने के बाद एम्स प्रशासन ने तुरंत झंडूता पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे से जुड़े जरूरी साक्ष्य भी जुटाए। इसके बाद बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में यहां भड़की हिंसा: दोनों पक्षों ने जमकर बरसाए पत्थर-बोतलें, भीड़ पर पुलिस ने भांजीं लाठियां
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, मासूम की अचानक मौत से परिवार सदमे में है और गांव में भी हर कोई इस दर्दनाक हादसे से गमगीन है।