शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के पहाड़ी इलाकों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कहीं तेज रफ्तार तो कहीं पहाड़ी रास्तों पर वाहन से नियंत्रण खोना लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है। इसी कड़ी में चौपाल उपमंडल में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। यहां एक वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चला रहे 40 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

अचानक अनियंत्रित हुआ वाहन खाई में जा गिरा

जानकारी के अनुसार हादसा चौपाल उपमंडल के पुलवाहल (शलावणी) क्षेत्र में पेश आया। बताया जा रहा है कि वाहन जब सड़क से गुजर रहा था, तभी चालक का उस पर से नियंत्रण बिगड़ गया। इससे पहले कि वह वाहन को संभाल पाता, गाड़ी सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। पहाड़ी क्षेत्र में हुए इस हादसे में वाहन बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गया और चालक को गंभीर चोटें आईं।

 

यह भी पढ़े : हिमाचल : नशे ने छीन लिया महिला का सुहाग, पुल से 20 फीट नीचे खड्ड में गिरा पति; थमी सांसें

अस्पताल पहुंचने से पहले जिंदगी की जंग हार गया चालक

हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान हरि नंद (40) पुत्र जालम सिंह, निवासी गांव शलावणी, डाकघर पुलवाहल, तहसील चौपाल, जिला शिमला के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक दुर्घटना के समय वाहन में हरि नंद अकेले ही सवार थे। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

112 पर मिली सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस टीम

दुर्घटना की सूचना आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 के माध्यम से पुलिस थाना चौपाल को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल से अन्वेषण अधिकारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 6297 पदों पर शुरू होगी भर्ती, 5 साल से है अटकी; अब सुक्खू सरकार ने बनाया नया प्लान

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन किन परिस्थितियों में चालक के नियंत्रण से बाहर हुआ। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पहाड़ी सड़कों पर जरा-सी चूक भी कई बार जानलेवा साबित हो जाती है। शलावणी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत को सामने ला दिया है। हरि नंद की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें