सोलन। हिमाचल प्रदेश में जब लोग पंचायत चुनाव के नतीजों पर नजरें गड़ाए बैठे थे, वहीं दूसरी तरफ सोलन जिला में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुरुवार देर शाम जिले के देऊं घाट क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार देऊं घाट क्षेत्र से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन काफी तेज गति में था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। नीचे खाई में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी हुई थी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव का सबसे दिलचस्प मुकाबला : दोनों प्रत्याशियों को पड़े बराबर वोट, पर्ची से हुआ फैसला

ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गयाए जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल हुए तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

एक व्यक्ति की मौके पर मौत

इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : चुनाव ड्यूटी छोड़ प्रचार करने पहुंच गया पटवारी, गिरी गाज- DC ने किया सस्पेंड

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। साथ ही वाहन की तकनीकी जांच भी की जाएगी ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में रिश्तों की सियासत : पंचायत चुनावों में सास ने बहू को 4 वोटों से हराया, ननद ने भाभी को दी मात

पहाड़ी सड़कों पर सावधानी जरूरी

इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में तेज रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी सड़कों पर जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। लोगों ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और नियंत्रित गति में वाहन चलाने की अपील की है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें