बिलासपुर/अंबाला। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से दिवाली की खुशियां मनाकर रोजी-रोटी के लिए नोएडा लौट रहे 22 वर्षीय युवक की जिंदगी अंबाला में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में खत्म हो गई। घर से नौकरी पर लौटने के लिए निकला कार्तिक राणा रास्ते में मौत का शिकार हो गया। अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर सुल्तानपुर चौक के पास एक तेज रफ्तार सफेद रंग की फॉर्च्यूनर ने उसकी रॉयल एनफील्ड बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि हिमाचल के बिलासपुर जिला के रहने वाला कार्तिक राणा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही बिलासपुर स्थित परिवार में मातम पसर गया है। मृतक की मां हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं।

दिवाली मनाकर ड्यूटी पर लौट रहा था कार्तिक

जानकारी के अनुसार मृतक कार्तिक राणा (22) हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले का रहने वाला था और नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। दिवाली का त्योहार मनाने के लिए वह घर आया हुआ था। सोमवार, 9 नवंबर को वह अपनी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस नोएडा में अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था। परिजनों के मुताबिक कार्तिक सुबह करीब 11 बजे बिलासपुर से रवाना हुआ था। किसी को अंदाजा नहीं था कि परिवार से विदा लेकर निकला यह युवक अब कभी घर वापस नहीं लौटेगा। दोपहर बाद अंबाला में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए गहरे दुख में बदल दिया।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू का बड़ा फैसला: कल भैया दूज की छुट्टी का ऐलान, महिलाओं के साथ पुरुषों को भी अवकाश

सुल्तानपुर चौक के पास फॉर्च्यूनर ने मारी टक्कर

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब कार्तिक अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर सुल्तानपुर चौक के पास पहुंचा, तभी एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतक के मामा मदन लाल ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि फॉर्च्यूनर चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। टक्कर के बाद कार्तिक को गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों को उसकी मौत की जानकारी दी गई। युवक का शव अंबाला शहर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की 'लुटेरी दुल्हन' केस में सबसे बड़ा खुलासा: अभी 18 साल की भी नहीं हुई थी लड़की

लोगों ने फॉर्च्यूनर पर बरसाए ईंट पत्थर

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद फॉर्च्यूनर चालक के वहां से निकलने की कोशिश करने पर गुस्साए लोगों ने उसकी गाड़ी पर पत्थर और ईंटें बरसाईं। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में गाड़ी को नुकसान पहुंचाते लोगों की भीड़ दिखाई देने की बात सामने आई है। बाद में चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उसे अपने साथ ले जाती हुई भी वीडियो में नजर आ रही है। हालांकि, हादसे की पूरी परिस्थितियों और चालक की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें : छुट्टी के दिन सचिवालय पहुंचे CM सुक्खू, नई भर्तियों और कैबिनेट बैठक की तैयारियों का लिया जायजा

मां हिमाचल पुलिस में कांस्टेबल

कार्तिक की मां माया देवी हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। वह करीब तीन वर्षों से अपने बच्चों के साथ बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में रह रही हैं। कार्तिक परिवार का युवा सदस्य था और नोएडा में निजी कंपनी में काम करके अपना भविष्य संवार रहा था। मृतक के मामा मदन लाल, निवासी गांव भंजवानी, जिला बिलासपुर, ने पुलिस को शिकायत दी है। उनके बयान के आधार पर फॉर्च्यूनर के अज्ञात चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने कब्जे में ली बाइक और फॉर्च्यूनर

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और बिना नंबर प्लेट वाली फॉर्च्यूनर गाड़ी को क्रेन की मदद से हटवाया। दोनों वाहनों को चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में HPPCB की बड़ी कार्रवाई: 12 अवैध स्टोन क्रशरों की बिजली काटने के दिए निर्देश

परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

दिवाली पर परिवार के साथ समय बिताने के बाद कार्तिक अपने काम पर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। जिस घर में कुछ दिन पहले त्योहार की रौनक थी, वहां अब जवान बेटे की मौत से शोक का माहौल है। 22 साल की उम्र में कार्तिक का इस तरह दुनिया से चले जाना परिवार के लिए कभी न भरने वाला दुख बन गया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें