कांगड़ा। सेना के जवान देश की सेवा में दिन-रात जुटे रहते हैं और छुट्टी मिलते ही अपने परिवार के साथ कुछ पल बिताने के लिए घर लौटते हैं। लेकिन कई बार किस्मत को कुछ और ही मंजूर होता है। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला जिला कांगड़ा से सामने आया है, जहां छुट्टी पर घर आए एक सैनिक की करंट लगने से मौत हो गई। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में मातम छा गया।

20 जुलाई को छुट्टी पर घर आए थे अश्वनी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला कांगड़ा के पालमपुर थाना क्षेत्र के ननाहर में पेश आया है। जवान 20 जुलाई को छुट्टी लेकर अपने घर ननाहर आया था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे ननाहर पंचायत के उपप्रधान अनुज कुमार ने पिंटू कुमार को फोन कर बताया कि जवान एक मकान के पास बिजली की तारों में मृत हालत में पड़े हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के मंदिर में चोरी : पुजारी ही निकला चोर, सोने का छत्र-गहने गायब- कोर्ट ने सुनाई सजा

जंगली सूअरों से फसल बचाने के लिए लगाई थीं तारें

सूचना मिलने के बाद जवान के परिजन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सामने आया कि खेतों में फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए तारें लगाई गई थीं। इन तारों में बिजली का करंट छोड़ा गया था।

तारों पर गिरने से करंट लगने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि जवान गलती से इन करंट वाली तारों के ऊपर गिर गया होंगा। इसके बाद उन्हें जोरदार करंट लगा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस और फोरैंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। मृतक की पहचान अश्वनी कुमार उम्र 29 साल पुत्र सुरेश कुमार निवासी ननाहर, डाकघर कमलेहड़, पालमपुर के रूप में हुई है। 

यह भी पढ़ें- हिमाचल BREAKING: देह लेकर जा रही पिकअप गहरी खाई में गिरी, 4 की मौ**त; 6 लोग गंभीर घायल

शरीर पर मिले करंट और जलने के निशान

पुलिस के अनुसार, अश्वनी कुमार के शरीर पर करंट लगने और जलने के निशान पाए गए हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। अश्वनी कुमार अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। अश्वनी कुमार डोगरा रैजीमैंट में तैनात थे और करीब 10-11 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हादसा कैसे हुआ और खेतों में बिजली की तारें किस तरह लगाई गई थीं, इसकी जांच कर रही है।