शिमला। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) शिमला में इलाज करवाना आने वाले दिनों में मरीजों की जेब पर भारी पड़ सकता है। अस्पताल में अब रोबोटिक सर्जरी करवाने के लिए मरीजों को पहले से ज्यादा पैसे चुकाने पड़ सकते हैं। इतना ही नहीं, अब तक मुफ्त मिल रही एक्सरे की सुविधा पर भी शुल्क लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। यानी अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को इलाज के साथ-साथ जांच के लिए भी अपनी जेब ढीली करनी पड़ सकती है।

 

आईजीएमसी की रोगी कल्याण समिति (RKS) की बैठक में इन दोनों मुद्दों पर निर्णय लिया गया है। हालांकि, नई दरों को लागू करने के लिए सरकार की मंजूरी जरूरी होगी। उधर, इस फैसले को लेकर सियासी माहौल भी गरमा गया है। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने सोशल मीडिया पर आरकेएस से जुड़ा एक कार्यालय आदेश साझा कर शायराना अंदाज में व्यवस्था पर तंज कसा है।

रोबोटिक सर्जरी के लिए अब देने होंगे ज्यादा पैसे

आईजीएमसी शिमला में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू होने के बाद से मरीजों को सामान्य वार्ड में भर्ती होने पर 30 हजार रुपये और स्पेशल वार्ड में भर्ती होने पर 50 हजार रुपये शुल्क देना पड़ रहा है। अब अस्पताल प्रशासन इन दरों में बढ़ोतरी करने की तैयारी में है। इसके पीछे रोबोटिक सर्जरी में इस्तेमाल होने वाले महंगे उपकरणों, तकनीक और अन्य संसाधनों पर आने वाले खर्च को वजह बताया जा रहा है। बैठक में लिए गए फैसले के अनुसार सामान्य वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए रोबोटिक सर्जरी का शुल्क 30 हजार रुपये से बढ़ाकर 60 हजार रुपये और प्राइवेट वार्ड के मरीजों के लिए 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 80 हजार रुपये करने का फैसला लिया है। 

 

यह भी पढ़ें : ना लग्न- ना पुरोहित...हिमाचल में हुई अनोखी शादी, संविधान को साक्षी मान इस जोड़े ने रचाया विवाह

मुफ्त एक्सरे की सुविधा पर भी लगेगा शुल्क?

आईजीएमसी में मरीजों को अब तक एक्सरे करवाने के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ता था, लेकिन अब इस सुविधा को भी शुल्क के दायरे में लाने की तैयारी है। रोगी कल्याण समिति की बैठक में वर्ष 2022 में निर्धारित दरों के आधार पर एक्सरे शुल्क दोबारा लागू करने को लेकर निर्णय लिया गया है। अस्पताल प्रबंधन शुल्क की अंतिम दरें तय कर सरकार को प्रस्ताव भेजेगा। सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद ही मरीजों से एक्सरे का पैसा वसूला जाएगा। 

सुधीर शर्मा ने शायराना अंदाज में सरकार पर कसा तंज

आईजीएमसी में शुल्क बढ़ाने की तैयारी के बीच धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा की सोशल मीडिया पोस्ट ने इस मामले को और चर्चा में ला दिया है। उन्होंने रोगी कल्याण समिति से जुड़े एक कथित कार्यालय आदेश को साझा करते हुए शायराना अंदाज में तंज कसा है। 

 

अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, "कुछ यूं किया उसने मेरे ज़ख्मों का इलाज, मलहम भी लगाया तो खंजर की नोक से... हैशटैग व्यवस्थापतन

 

उनकी इस टिप्पणी को मरीजों पर बढ़ने वाले संभावित आर्थिक बोझ के संदर्भ में व्यवस्था पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। पोस्ट के साथ साझा किए गए दस्तावेज में रोबोटिक सर्जरी की संशोधित दरों का भी उल्लेख किया गया है।

 

 

यह भी पढ़ें : अपने गृह जिला में शक्ति प्रदर्शन करेंगे CM सुक्खू, क्या खत्म होगा सुंदर ठाकुर का इंतजार? जानें सबकुछ

सामान्य वार्ड में 60 हजार, प्राइवेट वार्ड में 80 हजार रुपये का जिक्र

सुधीर शर्मा की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए कार्यालय आदेश में रोबोटिक सर्जरी के शुल्क में संशोधन का ब्योरा दर्शाया गया है। इस दस्तावेज के अनुसार सामान्य वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए रोबोटिक सर्जरी का शुल्क 30 हजार रुपये से बढ़ाकर 60 हजार रुपये और प्राइवेट वार्ड के मरीजों के लिए 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 80 हजार रुपये दर्शाया गया है। 

आईजीएमसी में 150 और चमियाना में 320 से अधिक रोबोटिक सर्जरी

हिमाचल प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू होने से मरीजों को अब बड़े ऑपरेशन के लिए चंडीगढ़ या दूसरे राज्यों का रुख करने की जरूरत पहले की तुलना में कम हुई है। आईजीएमसी शिमला में अब तक 150 से अधिक रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं। सर्जरी विभाग के अलावा स्त्री रोग और शिशु रोग विभाग में भी इस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। वहीं, चमियाना अस्पताल में 320 से अधिक रोबोटिक सर्जरी हो चुकी हैं। इस तकनीक में छोटे चीरे लगाए जाते हैं और कई मामलों में रक्तस्राव कम होने के साथ मरीजों की रिकवरी भी जल्दी हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें : घर में कपड़े धोती रह गई महिला... चोर अलमारी से 4.20 लाख के गहने-नगदी लेकर हो गए फरार

सरकार की मंजूरी के बाद शुरू होगी वसूली

नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान भी रोगी कल्याण समिति की बैठक में मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि बैठक में एक्सरे शुल्क लागू करने को लेकर निर्णय लिया गया है। इसके लिए दरें निर्धारित कर सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद ही मरीजों से शुल्क वसूलने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसी तरह रोबोटिक सर्जरी की नई दरों को लेकर भी निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही फैसला लागू किया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें