शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज दोपहर हाद से ही शिमला, कांगड़ा समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिसने जहां स्कूली बच्चों को घर लौटने में खासी दिक्कत दी, वहीं खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया। ओलों की बौछार से ग्रामीण क्षेत्रों में किसान चिंतित नजर आए। आसमान में बादलों की गड़गड़ाहट और ओलों की मार ने कई जगह खेतों को तबाह कर दिया।
तूफान का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने कुल्लू और मंडी के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चेतावनी दी गई है कि 30 मई से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण पूरे प्रदेश में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है। 2 जून तक भारी बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरकारी कॉलेज का प्रिंसिपल सस्पेंड, छात्रा के कंबल में हाथ डालता वीडियो हुआ था वायरल
3 जून तक येलो अलर्ट
प्रदेश में 3 जून तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार-पांच दिनों तक हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बनी रह सकती है। शिमला, सोलन, चंबा, किन्नौर, मंडी और सिरमौर जैसे जिलों में भी बादल छाए हुए हैं।
तापमान में भारी गिरावट, गर्मी से राहत
तेज बारिश और लगातार बादलों की मौजूदगी से प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। लोगों को जहां तेज धूप से राहत मिली है, वहीं किसानों को फसल के नुकसान की चिंता सताने लगी है।
- कांगड़ा- सामान्य से 4 डिग्री कम (33°C)
- कल्पा- सामान्य से 3.6 डिग्री कम (18.2°C)
- धर्मशाला- सामान्य से 3.7 डिग्री कम (28°C)
- सोलन- सामान्य से 2.7 डिग्री कम (29.6°C)
- शिमला- सामान्य से 1.6 डिग्री कम (24.2°C)
यह भी पढ़ें : हिमाचल : चार्जिंग से हटाते वक्त बुजुर्ग महिला के हाथ में फटा फोन, दुप्पटे में उठी लपटें और...
स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ी दिक्कत
बारिश और ओलों के बीच स्कूली बच्चे छाते और स्कूल बैग से खुद को ढकते हुए घर लौटते दिखे। कांगड़ा में कई जगह बारिश इतनी तेज हुई कि बच्चों को घर पहुंचने में मुश्किल हुई।
जनता से अपील
- मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें
- खेतों में जाने से बचें जब तेज हवा या ओलावृष्टि की संभावना हो
- स्कूल प्रबंधन और परिजन बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें
