शिमला। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और हीटवेव की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को बड़ी राहत दी। पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हुई बारिश ने तापमान में उल्लेखनीय गिरावट ला दी है। तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली है] जबकि पर्यटकों ने भी बदले मौसम का जमकर आनंद उठाया।

 

प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जहां बर्फ की सफेद चादर बिछ गई, वहीं शिमला, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, ऊना, हमीरपुर और चंबा सहित कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे तक लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

पहााड़ों पर बर्फबारी, घाटियों में बरसी राहत

लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिले के ऊंचे इलाकों में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। रोहतांग दर्रा, बारालाचा और शिंकुला टॉप सहित कई ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात दर्ज किया गया। बर्फबारी के कारण कुछ समय के लिए सड़कें फिसलन भरी हो गईं और बर्फीले तूफान जैसी स्थिति भी बनी, हालांकि दोपहर बाद मौसम साफ होने पर यातायात सामान्य हो गया। रोहतांग और आसपास के क्षेत्रों में मई महीने में हुई बर्फबारी ने पर्यटन कारोबार को भी नई ऊर्जा दी है। पर्यटक एक बार फिर बर्फ का आनंद लेने के लिए मनाली और लाहौल घाटी का रुख कर रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह हिमाचल में लागू करेंगे कर्नाटक का फॉर्मूला, पहाड़ की सड़कें होंगी अब ज्यादा टिकाऊ

शिमला में नौ डिग्री तक लुढ़का पारा

राजधानी शिमला में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा था, जिससे लोगों को असामान्य गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। शुक्रवार सुबह हुई बारिश, तेज हवाओं और हल्की ओलावृष्टि के बाद शहर के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव के बाद शिमला की सड़कों, माल रोड और पर्यटन स्थलों पर लोगों की चहल-पहल बढ़ गई। बारिश के बाद पहाड़ों की रानी शिमला एक बार फिर अपने प्राकृतिक सौंदर्य में निखरी नजर आई।

 

यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग: हिमाचल बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी बड़ा खुलासा, फॉरेंसिक जांच ने खोले राज; पैकिंग लिफाफे भी बदले

ऊना से चंबा तक बरसे बादल

प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। चंबा के जोत क्षेत्र में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कुकुमसेरी, केलांग, धर्मशाला, भुंतर, देहरा गोपीपुर, पालमपुर और ऊना सहित कई क्षेत्रों में बारिश हुई। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेशभर में तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह गिरावट इससे भी अधिक रही।

हीटवेव से मिली बड़ी राहत

पिछले तीन दिनों से प्रदेश के मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हीटवेव जैसे हालात बने हुए थे। ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर, सोलन और हमीरपुर जैसे क्षेत्रों में तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस तक ऊपर पहुंच गया था। ऊना का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जबकि सुंदरनगर, मंडी और कांगड़ा में भी पारा लगातार बढ़ रहा था। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

 

यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग: हिमाचल बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी बड़ा खुलासा, फॉरेंसिक जांच ने खोले राज; पैकिंग लिफाफे भी बदले

अगले 48 घंटे तक राहत के आसार

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। मौसम विभाग ने कल यानी 23 मई शनिवार को भी प्रदेश के पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में बारिश के साथ बिजली गरजनें और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।  कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरान तापमान नियंत्रित रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

26 मई के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी

हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 26 मई के बाद प्रदेश में एक बार फिर मौसम साफ होगा और तापमान तेजी से बढ़ना शुरू हो जाएगा। ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और सोलन के कुछ हिस्सों में दोबारा हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों के अनुसार मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है।

 

यह भी पढ़ें : आचार संहिता में सुक्खू कैबिनेट ने दी महिलाओं को 1500 रुपए देने की मंजूरी, 3 साल बढ़ाई रिटायरमेंट उम्र 

पर्यटकों और प्रदेशवासियों ने लिया राहत का आनंद

बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेशभर में मौसम सुहावना हो गया है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ पहाड़ों की सैर के लिए पहुंचे पर्यटकों ने भी बदले मौसम का भरपूर आनंद लिया। लंबे समय बाद मिली इस राहत ने लोगों को तपती गर्मी से कुछ दिनों की राहत जरूर दी है, जबकि पहाड़ों पर फैली हरियाली और बर्फ से ढकी चोटियों ने हिमाचल की खूबसूरती में एक बार फिर चार चांद लगा दिए हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें