शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पिछले एक हफ्ते में सामान्य से करीब 82 फीसदी अधिक बारिश दर्ज हुई है। जिसके बाद अब प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज लगातार अस्थिर बना रहने वाला है।

कुछ दिन खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, बीच-बीच में हल्की राहत जरूर मिलेगी। मगर पहाड़ों में ठंड, बारिश और बर्फबारी का दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा। आज प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 8वीं पास के लिए नौकरी : 23 हजार तक मिलेगी सैलरी, यहां जानें पूरी डिटेल

कल से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 मार्च से एक बार फिर मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा। खासकर ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

यलो अलर्ट जारी

इस दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जैसे जिलों में मौसम का असर ज्यादा तीखा रहने वाला है। इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें : उड़ता हिमाचल... चिट्टे ने उजाड़े हंसते-खेलते परिवार, 3 साल में 66 लोगों की मौ*त

आएगा तेज आंधी-तूफान

तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है, जिससे दैनिक जीवन पर असर पड़ने की आशंका है। खुले स्थानों पर काम कर रहे लोगों, किसानों और सफर कर रहे यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

एक दिन साफ रहेगा मौसम

27 मार्च को मौसम में थोड़ी नरमी आने की उम्मीद है। इस दिन सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ जाएगा, जिससे केवल अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी या बर्फबारी तक ही गतिविधियां सीमित रह सकती हैं। लेकिन यह राहत भी ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशा तस्कर पति-पत्नी गिरफ्तार, जेल में काटेंगे 3 महीने- युवाओं को सप्लाई करते थे चिट्टा

भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

28 मार्च से एक बार फिर एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस हिमाचल प्रदेश की ओर बढ़ रहा है, जो पूरे राज्य में मौसम को फिर से बिगाड़ सकता है। इसका असर 29 और 30 मार्च को अपने चरम पर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने इन दो दिनों के लिए भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

10 जिलों में खराब रहेगा मौसम

खास बात यह है कि लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के अन्य ज्यादातर जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जो किसानों और बागवानों के लिए चिंता का विषय बन सकती है। सेब और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की जनता को बड़ी राहत : अब समय पर मिलेगा गैस सिलेंडर, जानें कैसे और कब होगी बुकिंग

आम जनता पर पड़ेगा असर

मौसम के इस लगातार बदलते रुख का असर आम जनजीवन पर भी पड़ सकता है। पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ने, दृश्यता कम होने और यातायात बाधित होने की आशंका है। ऐसे में लोगों को यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और अनावश्यक सफर से बचने की सलाह दी जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें