शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मिली मौसम की राहत अब ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि शुक्रवार से प्रदेश में एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ ही कई जिलों में मौसम करवट लेगा और अगले छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
कल से करवट लेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 17 जुलाई की दोपहर बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बादल घिरने शुरू होंगे और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होंगी और 20 व 21 जुलाई को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसी को देखते हुए इन दोनों दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- गहरी खाई में समाई HRTC बस- 22 लोग थे सवार, कंडक्टर समेत 2 लोगों की दर्दनाक मौ.त
फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा बढ़ेगा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण निचले क्षेत्रों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की स्थिति बन सकती है। वहीं पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ जाएगा। ऐसे में लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
इससे पहले 18 और 19 जुलाई के लिए भी कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दिनों भी तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार निभाने जा रही अपना वादा- इन परिवारों को मिलेगी 300 यूनिट फ्री बिजली
आज और कल दोपहर तक मौसम रहेगा सामान्य
फिलहाल गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। शुक्रवार दोपहर तक भी मौसम सामान्य बना रहेगा, लेकिन इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखना शुरू हो जाएगा और कई क्षेत्रों में बारिश का दौर लौट आएगा।
बारिश थमने से बढ़ी गर्मी और उमस
पिछले चार दिनों से बारिश नहीं होने के कारण प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस दोनों बढ़ गई हैं। दिन के समय तेज धूप और नमी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- लो जी! फिर बंद होने जा रहे हैं HRTC के 48 रूट, हजारों यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किलें
12 शहरों में तापमान 30 डिग्री से ऊपर
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 12 शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश शुरू होने के बाद तापमान में गिरावट आने और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
