#हादसा
July 16, 2026
गहरी खाई में समाई HRTC बस- 22 लोग थे सवार, कंडक्टर समेत 2 लोगों की दर्दनाक मौ.त
मौके पर अफरा-तफरी मच गई, पूरा इलाका चीखों से दहल उठा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से सड़क हादसे की खबर सामने आई है। ननखड़ी के गरटोला के पास HRTC की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बिना देर किए राहत-बचाव में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, HRTC की बस (HP-06A-6454) रामपुर से खोलीघाट जा रही थी। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे ननखड़ी तहसील के गरटोला के समीप बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 फीट नीचे जा गिरी।
हादसे के समय बस में करीब 22 यात्री सवार थे। दुर्घटना में बस परिचालक जय प्रकाश नेगी और 72 वर्षीय दाखू राम की मौत हो गई, जबकि 20 यात्री घायल हो गए। बस के खाई में गिरते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन के पहुंचने से पहले ही राहत कार्य शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को रामपुर स्थित महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर, खनेरी ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे वाली जगह के आसपास कई रिहायशी मकान भी मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि बस किसी घर से नहीं टकराई। यदि ऐसा होता तो जान-माल का नुकसान और अधिक हो सकता था।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान एचआरटीसी परिचालक जय प्रकाश नेगी निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खूनी, ननखड़ी और 72 वर्षीय दाखू राम निवासी गांव शाहडू, ननखड़ी के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है।
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। जिला प्रशासन ने स्थानीय मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी कर दी है। दूसरे मृतक के परिजनों को आवश्यक रिपोर्ट मिलने के बाद राहत प्रदान की जाएगी।
SDM रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी अस्पताल में घायलों के उपचार और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि राहत नियमों के तहत प्रभावित परिवारों और घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।