शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने मिजाज बदलना शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुमान ने प्रदेश में घूमने आने वाले पर्यटकों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर अगले दो दिन मौसम की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी होगा।

हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज

प्रदेश में 11 और 12 अक्टूबर को मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 13 और 14 अक्टूबर को मौसम का असर अधिक क्षेत्रों में दिखाई दे सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई जगह आसमान में बादल छाने और बारिश होने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल कैबिनेट: 3 महीने में शुरू होगी 15 हजार पदों पर भर्ती, जानें किस विभाग में भरे जाएंगे कितने पद

5 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव का असर प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भी देखने को मिल सकता है। चंबा, कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। अगर बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होता है, तो तापमान में गिरावट आ सकती है। इससे खासकर सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने की संभावना है।

पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। 10 अक्टूबर को भी प्रदेश के अधिकतर इलाकों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया था। निचले क्षेत्रों में गर्मी बनी रही, जबकि ऊंचे इलाकों का मौसम अपेक्षाकृत सुहावना था। अब मौसम में आने वाला बदलाव इस स्थिति को बदल सकता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 16 अक्टूबर तक बिगड़ेगा मौसम: बारिश-बर्फबारी के साथ अंधड़ का अलर्ट, ठंड भी बढ़ेगी

मौसम का हाल जानना जरूरी

हिमाचल के पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले लोगों को अगले कुछ दिनों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। पहाड़ी रास्तों पर सफर करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेना बेहतर रहेगा। बारिश या बर्फबारी की संभावना वाले क्षेत्रों में बिना तैयारी के यात्रा करने से परेशानी हो सकती है।

कब तक खराब रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 16 अक्टूबर तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम से जुड़ी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें