शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। IMD शिमला ने आज से अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश से पहले ही कई क्षेत्रों में भारी नुकसान हो चुका है। ऐसे में लोगों को बेहद सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के यात्रा न करने की सलाह दी गई है।

आज से अगले दो दिन खराब रहेगा मौसम

IMD शिमला के अनुसार, प्रदेश में आज से 14 जुलाई तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है, जिससे भूस्खलन, जलभराव और यातायात प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने गाड़ी पर लगाई फ्लैग रॉड, कोर्ट ने ठोका 9500 रुपये जुर्माना

कई जिलों में भारी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज कांगड़ा और सिरमौर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिलों में भी मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग की विशेष चेतावनी

वहीं, 13 जुलाई को मंडी, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में बारिश का प्रभाव अधिक रहने का अनुमान है। 14 जुलाई को भी मंडी, कांगड़ा और चंबा जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। फिलहाल 15 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त : 6 जिलों में अलर्ट जारी, रहें सतर्क

मानसून बरपा रहा कहर

प्रदेश में इस बार मानसून लगातार कहर बरपा रहा है। कई इलाकों में बादल फटने, अचानक आई बाढ़, भूस्खलन और सड़कें धंसने जैसी घटनाओं ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है। अनेक गांवों और कस्बों का संपर्क बाधित हुआ है, जबकि कई स्थानों पर सड़कें बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

करोड़ों की संपत्ति का नुकसान

बारिश के कारण बिजली और पेयजल योजनाओं पर भी असर पड़ा है। कई स्थानों पर पुल, मकान और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक सरकारी आकलन के अनुसार सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को सैकड़ों करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। राहत और बहाली कार्य विभिन्न जिलों में लगातार जारी हैं।

यह भी पढ़ें : पत्नी को UP से हिमाचल घुमाने लाया पति : गला का.ट खाई में फेंकी, सगा भाई-दोस्त भी शामिल

पहाड़ियों से हो रहा भूस्खलन

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, पहाड़ियों से मलबा गिरने और निचले इलाकों में जलभराव की घटनाएं बढ़ सकती हैं। बारिश के दौरान सड़कों पर फिसलन बढ़ने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहेगी, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।

सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचें। अनावश्यक यात्रा न करें तथा यदि यात्रा करना आवश्यक हो तो मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही निकलें। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें