शिमला। हिमाचल प्रदेश में आने वाले 48 घंटे लोगों पर भारी पड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और HEATWAVE को लेकर चेतावनी जारी की है। मैदानी और निचले क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।
हिमाचल के लिए अगले 48 घंटे भारी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 26 मई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में HEATWAVE का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : 1293 पंचायतों में वोटिंग शुरू, बूथों पर उमड़ी भारी भीड़- शाम 3 बजे तक होगा मतदान
शिमला में भी तेज गर्मी
वहीं, 27 मई को शिमला जिला भी हीटवेव की चपेट में आ सकता है। ऐसे में सात जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है। लोगों को दोपहर के समय घरों से कम बाहर निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।
जानें कब मिलेगी राहत?
28 मई को भी ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों में गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है। हालांकि, इसी दिन से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम करवट लेगा और प्रदेश के कई हिस्सों में राहत मिलने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के ड्राइवर का अंबाला में म*र्डर : दो मासूमों ने खोया पिता, बूढ़े मां-बाप से छिन गया सहारा
कब होगी बारिश?
मौसम विभाग ने 28 और 29 मई के लिए भारी ओलावृष्टि और तेज तूफान का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
तेज आंधी-ओलावृष्टि की आशंका
तेज आंधी और ओलावृष्टि से किसानों और बागवानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। 30 मई को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब बना रह सकता है और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 31 मई से पूरे हिमाचल में मौसम साफ होने के संकेत हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : चुनाव के बीच जिला परिषद प्रत्याशी पर हम*ला, सिर फोड़ा और गाड़ी तोड़ी- थाने पहुंची महिला
तापमान में आया बदलाव
बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के तापमान में बदलाव देखने को मिला। कुल्लू, चंबा और लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि अन्य जिलों में गर्मी और अधिक बढ़ गई। लगातार बढ़ती तपिश के कारण मैदानी इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है।
