शिमला। भारत में आधार कार्ड हर नागरिक की पहचान बन चुका है। गैस कनेक्शन लेना हो, मोबाइल सिम लेनी हो, गाड़ी खरीदनी हो, किसी होटल में रूकना हो, कोई दवाई खरीदनी हो, सबसे पहले आपका आधार कार्ड मांगा जाता है। ऐसे में जरूरत पड़ने पर अगर आधार कार्ड को अपडेट करना हो तो ये जरा मुश्किल है। मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए तो लंबे प्रोसेस से गुजरना पड़ता है लेकिन अब ये भी आसान होने जा रहा है। इस संबंध में UIDAI की नई नोटिफिकेशन क्या कहती है, आइए जानते हैं।

घर बैठे अपडेट कर पाएंगे मोबाइल नंबर

पहले जहां आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए घंटों लाइनों में लगना पड़ता था। अब वहीं ये करना आसान होने जा रहा है। UIDAI की ओर से जारी नोटिफिकेशन में ये जानकारी दी गई है कि अब आप घर बैठे अपने आधार कार्ड पर अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर पाएंगे।

यह भी पढ़ें: महंगाई के बीच हिमाचल की जनता को राहत- दूध की कीमतों में आई बड़ी गिरावट, जानें

ग्राहकों के पैसे और समय की होगी बचत

मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए आपको आधार एप पर OTP वेरिफिकेशन और फेस ऑथेंटिकेशन करनी पड़ेगी। UIDAI जल्द इस सुविधा को रोल आउट करने वाला है। इससे ग्राहकों के समय और पैसे, दोनों की बचत होगी। साथ ही घर से दूर रहने वालों व वरिष्ठ नागरिकों को इससे फायदा होगा।

कैसे मोबाइल नंबर कर सकेंगे अपडेट ? 

  • सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से आधार एप डाउनलोड करें
  • यहां पर आपको अपना आधार नंबर और नया मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा
  • इसके बाद आपको OTP वेरिफिकेशन करवाना होगा
  • इसके बाद मोबाइल के कैमरे से फेस ऑथेंटिकेशन करना होगा
  • इससे आपके आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट हो जाएगा

यह भी पढ़ें: हिमाचल की काली सच्चाई- महिलाएं नहीं हैं सुरक्षित- 3 साल में बना खौफनाक रिकॉर्ड

अब नहीं जाना होगा आधार सेवा केंद्र

आधार कार्ड में मोबाइल नंबर एक अहम रोल रखता है। बैंक से लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आधार कार्ड से लिंक्ड मोबाइल नंबर ही काम आता है। राहत की बात है कि अब आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप ये घर बैठे कर पाएंगे।