शिमला। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार के सामने पेंशनरों का आंदोलन एक नई चुनौती बनता जा रहा है। वर्षों से लंबित वित्तीय देनदारियों और आर्थिक लाभों की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे प्रदेश के पेंशनरों ने अब सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला लेकर लंबित देनदारियों का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
समिति ने सचिवालय के घेराव से लेकर जेल भरो आंदोलन तक की तैयारी शुरू कर दी है। पेंशनरों का कहना है कि वे अपने हक की लड़ाई को अब बीच में छोड़ने वाले नहीं हैं। सरकार से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समाधान नहीं निकलने पर अब प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार की जा रही है।
पेंशनरों की दो टूक, अब होगा बड़ा आंदोलन
शिमला में पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेंशनर अपने हक के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का अभी तक समाधान नहीं हुआ है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द वार्ता बुलाकर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर के पेंशनर सचिवालय का घेराव करेंगे और जेल भरो आंदोलन शुरू करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
यह भी पढ़ें : 3.50 लाख नहीं... सुक्खू सरकार अब 2.65 लाख महिलाओं को ही देगी 1500, योजना से बाहर हुई 85 हजार
आंदोलन को और मजबूत करने की तैयारी
पेंशनरों ने अपने आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने के लिए संगठनात्मक स्तर पर भी सक्रियता बढ़ा दी है। समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने बताया कि अब तक संयुक्त संघर्ष समिति के साथ प्रदेश के 18 संगठन जुड़े हुए थे। अब कुल्लू से हिमाचल प्रदेश ज्वाइंट पेंशनर्स फेडरेशन ने भी संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) में शामिल होने की इच्छा जताई है। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन को जेएसी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा गंगा राम शर्मा को भी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुशाल चंद नेगी और नरेंद्र कुमार को संयुक्त सचिव बनाया गया है। समिति का मानना है कि अधिक संगठनों की भागीदारी से आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्तर पर मजबूत किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात की उम्मीद टूटी, पेंशनरों ने जताई नाराजगी
समिति के प्रदेशाध्यक्ष ने 19 नवंबर को धर्मशाला में आयोजित पेंशनरों की रैली के बाद हुए घटनाक्रम पर भी सवाल उठाए। सुरेश ठाकुर के अनुसार, रैली के बाद मुख्यमंत्री ने पेंशनर प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए तपोवन विधानसभा बुलाया था। प्रतिनिधिमंडल निर्धारित स्थान पर पहुंचा, लेकिन मुख्यमंत्री उनसे बातचीत किए बिना ही गगल हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए। समिति ने इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे पेंशनरों को सरकार से बातचीत और समाधान की उम्मीद थी। उनके मुताबिक, इस घटना से पेंशनरों में निराशा और आक्रोश बढ़ा है।
यह भी पढ़ें : झाड़ियों में मिली लापता सतीश की देह, 24 घंटे से था गायब- सदमे में पूरा परिवार
विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
पेंशनरों ने धर्मशाला में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर भी आपत्ति जताई है। सुरेश ठाकुर ने बताया कि विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रही रैली को पुलिस ने शिला चौक पर रोक दिया था। इस दौरान प्रदर्शन से जुड़े आठ पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। समिति ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सरकार से इन मामलों को वापस लेने की मांग की है। पेंशनर नेताओं का कहना है कि अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज उठाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है और आंदोलन के दौरान दर्ज किए गए मामलों से उनकी मांगें कमजोर नहीं होंगी।
देनदारियां लंबित, लेकिन सरकार मना रही जश्न की तैयारी
समिति ने सरकार की प्राथमिकताओं पर भी सवाल खड़े किए हैं। सुरेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि एक ओर पेंशनरों को उनके लंबित वित्तीय लाभ नहीं मिल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार चार साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में जश्न मनाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को समारोहों और आयोजनों से पहले उन बुजुर्ग कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए, जिन्होंने अपना पूरा जीवन प्रदेश की सेवा में लगाया है। समिति ने स्पष्ट किया कि पेंशनरों की आर्थिक देनदारियों का भुगतान किए बिना आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बूढ़ी मां ने पति के बाद खोया फौजी बेटा, 3 मासूम बच्चों के सिर से भी उठा पिता का साया
15 दिसंबर नहीं, अब सरकार की पहल पर टिकी पेंशनरों की निगाहें
पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने सरकार से जल्द बातचीत शुरू करने और लंबित वित्तीय लाभ जारी करने की मांग की है। समिति का कहना है कि यदि सरकार समय रहते बातचीत के माध्यम से समाधान नहीं निकालती तो सचिवालय घेराव और जेल भरो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। ऐसे में आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों का आंदोलन किस दिशा में आगे बढ़ता है, इस पर सबकी नजरें रहेंगी। फिलहाल पेंशनर संगठनों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है और सरकार से स्पष्ट जवाब की मांग की है।
