शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून अब सबसे खतरनाक दौर में पहुंचने वाला है। मौसम विभाग ने 19 से 21 जुलाई तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश की वजह से भूस्खलन, अचानक बाढ़, नदी-नालों के उफान और सड़कें बंद होने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। लोगों से अगले तीन दिन बेहद सावधानी बरतने की अपील की गई है।
19 से 21 जुलाई तक सबसे ज्यादा खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक 19, 20 और 21 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश होने की संभावना है। खासकर कांगड़ा, मंडी, शिमला, चंबा और सिरमौर में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। लगातार बारिश की वजह से पहाड़ी इलाकों में हालात बिगड़ सकते हैं, इसलिए लोगों को बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल ! अगले पांच दिन भारी से भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, मौसम दिखाएगा रौद्र रूप
किस दिन किन जिलों में रहेगा ज्यादा असर
- 18 जुलाई: कांगड़ा और मंडी में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं।
- 19 जुलाई: कांगड़ा, मंडी और शिमला में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं हमीरपुर, चंबा और सिरमौर में भारी बारिश हो सकती है।
- ऊना, बिलासपुर, कुल्लू, सोलन और लाहौल-स्पीति में भी अच्छी बारिश की संभावना है।
- 20 जुलाई: चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में सबसे ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। शिमला और हमीरपुर में भी भारी बारिश हो सकती है।
- इसके अलावा ऊना, बिलासपुर, सिरमौर, सोलन, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी बारिश का दौर जारी रहेगा।
- 21 जुलाई: कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में फिर से भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। चंबा, हमीरपुर और सोलन में भी भारी बारिश हो सकती है, जबकि ऊना, बिलासपुर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
बारिश से क्या-क्या परेशानी हो सकती है?
मौसम विभाग का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ों से मलबा और पत्थर गिर सकते हैं। कई जगह भूस्खलन होने का खतरा है। नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं, जिससे अचानक बाढ़ आने की आशंका भी बनी हुई है। निचले इलाकों में पानी भर सकता है, सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है और कई रास्ते बंद होने की संभावना है। इसका असर आम लोगों की आवाजाही, खेती-बागवानी और जरूरी सेवाओं पर भी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में हा.दसा: कार सवार 2 पुलिस कर्मियों ने पैराफिट पर बैठी सास-बहू को कु.चला; एक की मौ*त
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से कहा है कि बारिश के दौरान नदी-नालों के पास न जाएं और भूस्खलन वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें। जहां पानी भरा हो, वहां जाने से बचें। वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें और मौसम व ट्रैफिक से जुड़े प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। अगर बहुत जरूरी काम न हो तो खराब मौसम में यात्रा करने से बचें और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें।
