शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने लगी है, वहीं मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम में इस बदलाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों के लिए एडवायजरी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें, ताकि खराब मौसम के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

बर्फबारी के चलते फंसे कई वाहन 

लाहौल-स्पीति में रविवार को भारी बर्फबारी हो रही है। इसके चलते कई जगहों पर वाहन रास्ते में फंस गए। जांस्कर घाटी से शिंकुला पास होते हुए लाहौल आ रहे कुछ दोपहिया वाहन और 4×2 गाड़ियां अचानक बर्फबारी के कारण फंस गईं। इसकी सूचना मिलते ही लाहौल-स्पीति पुलिस मौके पर पहुंची और फंसे हुए वाहनों के साथ उनमें सवार लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद की।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के सरकारी स्कूल का बुरा हाल : डर के साए में पढ़ने को मजबूर बच्चे, कभी भी गिर सकता है...

 

प्रशासन ने इन रास्तों पर लगाई रोक

खराब मौसम और सड़क पर बर्फ जमने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। दारचा से बारालाचा ला और शिंकुला पास की तरफ जाने वाले रास्तों पर सभी 4×2 वाहनों और दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन रास्तों पर जाने से बचें।

 

पुलिस ने पर्यटकों और वाहन चालकों से की अपील

DSP मुख्यालय केलंग केडी शर्मा ने पर्यटकों, वाहन चालकों और आम लोगों से खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बेवजह यात्रा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी जरूरी काम से यात्रा करनी पड़े, तो केवल 4×4 वाहन का इस्तेमाल करें। साथ ही गाड़ी में स्नो चेन जरूर रखें, ताकि बर्फीली सड़कों पर वाहन चलाते समय परेशानी न हो।

यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खोया एक और वीर सपूत, 8 महीने की बेटी के सिर से उठा पिता का साया

सफर पर निकलने से पहले मौसम का हाल जान लें

पुलिस ने लोगों से कहा है कि यात्रा शुरू करने से पहले सड़क और मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें। जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से समय-समय पर जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें। जिन रास्तों पर जाने की मनाही है, वहां जाने की कोशिश न करें और सुरक्षा से जुड़े निर्देशों को नजरअंदाज न करें।

अगले पांच दिन बारिश और बर्फबारी के आसार

हिमाचल प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक कई जगहों पर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर पहाड़ी इलाकों में सफर करने वाले लोग मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही घर से निकलें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।