शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर कहर बरपाने को तैयार है। मौसम विभाग ने प्रदेश भर में अगले 17 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। पिछले कुछ दिनों की राहत के बाद अब राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और गरज.चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 17 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

17 तक नहीं मिलेगी राहत

12 से 14 सितंबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। 12 सितंबर को प्रदेश के ऊना, बिलासपुर और कांगड़ा में बिजली गिरने व गरज के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 13 सितंबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमलाए सोलन और सिरमौर में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं 14 सितंबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी में भी येलो अलर्ट लागू रहेगा। 15, 16 और 17 सितंबर को बारिश के कमजोर पड़ने की संभावना जताई गई है, जिस दौरान कोई अलर्ट नहीं रहेगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: टिप्पर की चपेट में आया 21 वर्षीय बाइक सवार युवक, मां-बाप का था इकलौता सहारा

भूस्खलन और बाढ़ ने बिगाड़ा हाल

इस मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश को भारी तबाही का सामना करना पड़ा है। अब तक 380 लोगों की मौत हो चुकी है, 40 लोग लापता हैं और 439 लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक, राज्य की सार्वजनिक संपत्ति को 4306 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। बारिश में कमी आने के बावजूद, भूस्खलन से बंद हुई सड़कों और ठप बिजली व पेयजल योजनाओं को दुरुस्त करने का काम तेज गति से किया जा रहा है, लेकिन अब भी कई सड़कें और ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं।

 

यह भी पढ़ें : संजौली मस्जिद विवाद: हिंदू संगठनों ने किया सुक्खू सरकार का 'अर्ध पिंडदान', दी ये चेतावनी

हजारों मकान और दुकानें ढहीं

भारी बारिश और भूस्खलन ने लोगों के आशियाने और व्यवसाय को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। अब तक 1265 मकान पूरी तरह ढह चुके हैं, जबकि 5469 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। 478 दुकानें और 5612 गौशालाएं भी बर्बाद हो गई हैं। इस दौरान 1999 पशुओं और 26 हजार से अधिक पोल्ट्री पक्षियों की मौत दर्ज की गई है। राज्य में अब तक 137 भूस्खलन, 97 बाढ़ और 45 बादल फटने की घटनाएं रिपोर्ट की जा चुकी हैं।

यह भी पढ़ें : मेडिकल कॉलेज का सिक्योरिटी गार्ड हुआ सस्पेंड, 19 स्टूडेंट्स के साथ की थी नीचता

प्रशासन ने लोगों से बरतने को कहा एहतियात

मौसम विभाग ने विशेष रूप से पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि वे खतरे वाले मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचें। राज्य सरकार और प्रशासन ने लोगों को राहत और मदद पहुंचाने के लिए कई टीमें तैनात कर दी हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।