शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने देश और विदेश की खेल स्पर्धाओं में देवभूमि का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का दिल खोलकर सम्मान किया है। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक होटल पीटरहॉफ में आयोजित 'हिमरत्न' राज्यस्तरीय खेल सम्मान समारोह में सुक्खू सरकार ने खिलाड़ियों पर जबरदस्त धनवर्षा की। समारोह में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का परचम लहराने वाले 419 खिलाड़ियों को कुल 17 करोड़ 85 लाख रुपये की रिकॉर्ड प्रोत्साहन पुरस्कार राशि वितरित की गई। प्रदेश के इतिहास में यह अब तक का सबसे बड़ा और भव्य खेल सम्मान समारोह साबित हुआ, जिसने हिमाचल की खेल प्रतिभाओं के चेहरों पर खुशी की लहर पैदा कर दी।

51 अंतरराष्ट्रीय और 368 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को मिला सम्मान

राज्यस्तरीय समारोह में कुल 419 खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धियां हासिल करने वाले 51 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 368 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए 13 करोड़ 55 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 4 करोड़ 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।

 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार को मिलेंगे 2000 करोड़ : 35 साल से था इंतजार, जानें क्या है पूरा मामला

सावन बरवाल को मिला सबसे बड़ा पुरस्कार

समारोह में सबसे बड़ी पुरस्कार राशि मैराथन में रजत पदक जीतने वाले हिमाचल के खिलाड़ी सावन बरवाल को मिली। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सरकार ने उन्हें 2 करोड़ 64 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की। सावन की इस उपलब्धि को प्रदेश के खेल इतिहास की बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है।

क्रिकेटर रेणुका सिंह ठाकुर को 2.20 करोड़ रुपये

भारत की स्टार तेज गेंदबाज और महिला विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहीं रेणुका सिंह ठाकुर को भी सुक्खू सरकार ने बड़ी पुरस्कार राशि से सम्मानित किया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 2 करोड़ 20 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। रेणुका सिंह ठाकुर समारोह में मौजूद नहीं थीं, जिसके चलते उनकी ओर से उनकी मां ने यह सम्मान और पुरस्कार राशि प्राप्त की। हिमाचल की बेटी रेणुका ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से प्रदेश और देश दोनों का नाम रोशन किया है।

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल में नशा बेच खड़ा किया साम्राज्य : मकान और नकदी समेत लाखों की प्रॉपर्टी सीज

एथलेटिक्स की उड़नपरी को 1.99 करोड़ रुपये का पुरस्कार

एथलेटिक्स और 10 हजार मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करने वाली हिमाचली खिलाड़ी lhek को भी सरकार ने करोड़ों रुपये की सम्मान राशि से नवाजा। एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली इस खिलाड़ी को 1 करोड़ 99 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।

चार महिला कबड्डी खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये का सम्मान

एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली हिमाचल की चार खिलाड़ियों को भी सुक्खू सरकार ने शानदार सम्मान दिया। पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इन चारों खिलाड़ियों ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के साथ मिलकर एशियाई खेलों में देश को स्वर्ण पदक दिलाया था। 

यह भी पढ़ें- हिमाचल में दिवाली से पहले बड़ा कार हाद.सा : मां-बेटे समते पांच लोगों की एक साथ मौ**त

एशियन गेम्स मेडल विजेताओं की इनामी राशि में 10 गुना बढ़ोतरी

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल का यह दूसरा राज्यस्तरीय खेल सम्मान समारोह है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मानित करने और उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने पहली बार इस स्तर पर विशेष पहल की है। मुख्यमंत्री के अनुसार पहले एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को करीब 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती थी। मौजूदा सरकार ने खिलाड़ियों के सम्मान और उनके समर्पण को देखते हुए इस राशि में 10 गुना तक की ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है।

 

राष्ट्रीय टीम इवेंट जीतने पर मिलेंगे 5 लाख रुपये

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने समारोह के दौरान राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में टीम इवेंट में जीत हासिल करने वाले खिलाड़ियों को 5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा यदि टीम इवेंट में शामिल कोई खिलाड़ी व्यक्तिगत स्पर्धा में भी जीत दर्ज करता है तो उसे डेढ़ लाख रुपये की अलग प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वर्ष 2025-26 के खिलाड़ियों को भी इस व्यवस्था के दायरे में शामिल किया गया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की जनता को त्योहारी सीजन में झटका, राशन डिपुओं पर 19 रुपये महंगा हुआ सरसों तेल

मंडी के सबसे ज्यादा 99 खिलाड़ी सम्मानित

राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित खिलाड़ियों की संख्या के मामले में मंडी जिला सबसे आगे रहा। मंडी के 99 खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया, जो प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में सबसे अधिक है। इसके अलावा शिमला के 54, सोलन के 49, बिलासपुर के 37, कांगड़ा के 28, हमीरपुर के 24 और ऊना के 19 खिलाड़ी सम्मानित हुए। कुल्लू और सिरमौर के 18-18, किन्नौर के 15 तथा चंबा के सात खिलाड़ियों को भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

जापान में खेल चुके खिलाड़ियों को भी मिलेगा पूरा लाभ

सरकार ने हाल ही में जापान में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले हिमाचली खिलाड़ियों को लेकर भी राहत की बात कही है। नियमानुसार पात्र खिलाड़ियों को पूरी पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। खेल विभाग का कहना है कि सरकार खिलाड़ियों को केवल पदक जीतने के बाद सम्मानित करने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध करवाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

 

सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों को मिलेगा 3 प्रतिशत खेल कोटा

प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए सरकारी रोजगार के क्षेत्र में भी अवसर बढ़ाने पर सरकार विचार कर रही है। खेल मंत्री ने बताया कि सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों के लिए खेल कोटे के तहत 3 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री के साथ भी विस्तृत चर्चा की गई है। सरकार का लक्ष्य खेल प्रतिभाओं को आर्थिक प्रोत्साहन के साथ भविष्य की सुरक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें