किन्नौर। किसी ने क्या खूब लिखा है कि, मेहनत वो चाबी है जिससे सपनों के ताले खुल जाया करते हैं… हौसले वो पर हैं, जो मंज़िल तक उड़ान भर देते हैं। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है किन्नौर के रल्ली (मेबर) गांव की रहने वाली आयुषी भंडारी ने। उनका चयन अंतरराष्ट्रीय CAVA (सेंट्रल एशियन वॉलीबॉल एसोसिएशन) में हुआ है। अब आयुषी भारत की जर्सी पहनकर नेपाल की राजधानी काठमांडू में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी।   

बचपन से ही खेलों में है रुची

आयुषी भंडारी, राजेश भंडारी और तारा भंडारी की पुत्री हैं। बचपन से ही खेलों में रुचि रखने वाली आयुषी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रतियोगिता के लिए घोषित 14 सदस्यीय भारतीय टीम में उनका चयन होना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे किन्नौर जिले के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : लड़की से मिला था 1 करोड़ का नशा, 4 पुलिसवालों के बाद अब होटल मालिक गिरफ्तार

देश की कई टीमें लेंगी हिस्सा 

जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय CAVA कप प्रतियोगिता 22 मई से 29 मई तक नेपाल के काठमांडू में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में कई देशों की टीमें हिस्सा लेंगी, जहां भारतीय टीम भी अपना दमखम दिखाएगी। ऐसे में हिमाचल की बेटी का टीम इंडिया में चयन होना प्रदेश के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

लोग दे रहे आयुषी को बधाइयां

आयुषी की इस सफलता के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों, खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि दूरदराज और जनजातीय क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना आसान नहीं होता, लेकिन आयुषी ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बेटा न होने पर पत्नी से नाखुश था पति, दहेज भी मांगता था- अब दरा.ट से किया वार

आयुषी करेगी शानदार प्रदर्शन

खेल प्रेमियों का कहना है कि आयुषी ने अपने प्रदर्शन से यह दिखा दिया है कि हिमाचल की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। अब सभी को उम्मीद है कि वह नेपाल में होने वाली प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम और ऊंचा करेंगी।