#अपराध
May 18, 2026
हिमाचल : बेटा न होने पर पत्नी से नाखुश था पति, दहेज भी मांगता था- अब दरा.ट से किया वार
घर खर्च के लिए भी महिला को नहीं दिए जाते थे पैसे
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां बेटियां होने की वजह से लगातार प्रताड़ना झेल रही एक महिला पर उसके ही पति ने दराट से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना झंडूता थाना क्षेत्र के मातला पंचायत के बसंदवाड़ी गांव की है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए तुरंत झंडूता अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे बेटा न होने की वजह से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। उसकी केवल बेटियां हैं, जिसे लेकर पति और सास अक्सर उसे ताने मारते थे।
महिला का कहना है कि ससुराल पक्ष की ओर से उसे दहेज को लेकर भी परेशान किया जाता था और छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा किया जाता था। पीड़िता ने बताया कि घर खर्च के लिए पैसे मांगने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और कई बार उसे धमकियां भी दी गईं।
लगातार हो रही प्रताड़ना और तनाव से परेशान होकर महिला ने आखिरकार अपनी बेटियों के साथ मायके जाने का फैसला किया। गत शनिवार जब वह घर छोड़कर जाने लगी तो इसी बात को लेकर घर में फिर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि झगड़े के दौरान पति ने गुस्से में आकर दराट उठा लिया और महिला के सिर पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घायल अवस्था में महिला को तुरंत झंडूता अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए। महिला की शिकायत के आधार पर झंडूता थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आज भी समाज के कुछ हिस्सों में बेटियों को लेकर संकीर्ण सोच बनी हुई है, जिसके कारण महिलाओं को घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।