शिमला। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत शनिवार को अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उनका ब्लड प्रेशर (BP) असामान्य रूप से बढ़ गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) ले जाया गया।
आज दिल्ली वापिस लौटेंगी सोनिया
डॉक्टरों की टीम ने उनका प्राथमिक परीक्षण किया, जिसमें सभी रिपोर्ट सामान्य पाई गईं। जांच के बाद उन्हें वापस भेज दिया गया, लेकिन सूत्रों के अनुसार सोनिया गांधी आज दिल्ली लौट सकती हैं, जहां वह सेकंड ओपिनियन लेने की योजना बना रही हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : धागा मिल में मशीन की चपेट में आया कामगार, परिजनों ने कंपनी पर लगाए आरोप- जमकर काटा बवाल
गर्मियों की छुट्टियों के लिए शिमला में थीं
सोनिया गांधी 2 जून को शिमला पहुंची थीं और वह अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के छराबड़ा स्थित फार्महाउस में ठहरी हुई थीं। यह फार्महाउस शिमला से लगभग 13 किलोमीटर दूर है और गांधी परिवार यहां अक्सर गर्मियों की छुट्टियां बिताने आता है। फार्महाउस की बनावट पारंपरिक पहाड़ी शैली में है और इसे देवदार की लकड़ी से सजाया गया है।
सोनिया गांधी का स्वास्थ्य बीते समय में कई बार बना चिंता का विषय
यह पहला मौका नहीं है जब सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी हो।
- मार्च 2024 में उन्हें बुखार और कमजोरी के कारण दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
- जनवरी 2024 में भी वायरल इन्फेक्शन के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।
- इससे पहले 12 जून 2022 को सोनिया गांधी कोविड पॉजिटिव पाई गई थीं और तब भी उन्हें अस्पताल में एडमिट किया गया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल से माल खरीदकर लाया था तस्कर, सिनेमा के पास खड़ा था बेचने- हुआ अरेस्ट
इन सभी मौकों पर उनका इलाज वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में हुआ और हर बार उनकी हालत स्थिर बताई गई।
दिल्ली में ले सकती हैं सेकेंड ओपिनियन
सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी अब दिल्ली रवाना हो सकती हैं, जहां वह डॉक्टरों से विस्तृत सलाह ले सकती हैं। 76 वर्षीय सोनिया गांधी का स्वास्थ्य लगातार पार्टी के लिए भी चिंता का विषय रहा है, और यही वजह है कि कोई भी अस्वस्थता पार्टी और समर्थकों के लिए तुरंत सुर्खियों में आ जाती है।
