कांगड़ा। राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के कल होने वाले हिमाचल दौरे को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दोनों नेता कांगड़ा में संगठनात्मक बैठक के जरिए आगामी चुनावों की तैयारियों का जायजा लेंगे। हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, जिससे एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक पूरा इलाका सुरक्षा घेरे में रहेगा।
कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए करेंगे तैयार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दौरा ‘संगठन सृजन अभियान’ के समापन से जुड़ा है, जिसमें हिमाचल के अलावा पंजाब और जम्मू-कश्मीर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष भी भाग लेंगे।
यह भी पढ़ें- लाहौल नहीं जाएंगी राष्ट्रपति मुर्मू : अटल टनल का दौरा भी हुआ रद्द, जानें क्या रही वजह
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए तैयार करना है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय करने के लिए रणनीति साझा करेंगे और जिलाध्यक्षों को स्पष्ट दिशा देंगे।
संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर जोर
राजनीतिक तौर पर इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है। इसे आने वाले पंचायत और शहरी निकाय चुनावों के साथ-साथ भविष्य के बड़े चुनावों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व से चुनावी तैयारियों की रिपोर्ट ली जाएगी और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर जोर रहेगा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल नहीं पहुंची HRTC की e-बसें, निगम ने कंपनी को ठोका 8 करोड़ का जुर्माना
दौरे के दौरान राहुल गांधी विशेष विमान से सुबह कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सीधे कार्यक्रम स्थल ‘यात्री सदन’ जाएंगे। वहीं, शाम करीब साढ़े तीन बजे वह वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए
इस हाई-प्रोफाइल विजिट को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है और पूरे रूट का पहले ही निरीक्षण किया जा चुका है।
