#राजनीति
September 2, 2026
'ससुराल जाकर भी झूठ बोल आए मुख्यमंत्री' : बेरोजगारी पर सत्ती ने CM को अच्छे से घेरा
सत्ती बोले- करीब 51 हजार करोड़ का कर्ज ले चुकी सरकार
शेयर करें:

शिमला। शिमला में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बेरोजगारी के मुद्दे पर चर्चा हुई। मंगलवार को इस चर्चा का दूसरा दिन था। भाजपा के वरिष्ठ नेता और ऊना सदर से विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने भी चर्चा में हिस्सा लिया। उन्होंने सरकार के नौकरी देने के वादे और प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधा।
सतपाल सत्ती ने कहा कि सरकार ने अपने करीब 4 साल के कार्यकाल में 51 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार में आने के बाद से ही मुख्यमंत्री पिछली सरकार के कर्ज की बात करते रहे हैं। सत्ती ने कहा कि जनता के बीच बार-बार कर्ज का रोना नहीं रोना चाहिए, बल्कि सरकार को अपने कार्यकाल में लिए गए कर्ज का भी हिसाब देना चाहिए।
यह भी पढ़ें : सरकारी कागजों से छेड़छाड़ करना पड़ा भारी, पूर्व तहसीलदार-पटवारी समेत 6 लोगों पर FIR
सत्ती ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पूर्व की जयराम ठाकुर सरकार पर 75 हजार करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ने की बात कहकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उनके मुताबिक, यह आंकड़ा सिर्फ पिछली सरकार का नहीं, बल्कि प्रदेश की अलग-अलग सरकारों के समय लिए गए कुल कर्ज से जुड़ा है। सत्ती ने कहा कि मौजूदा सरकार भी अपने कार्यकाल में बड़ी रकम कर्ज के तौर पर ले चुकी है।
भाजपा विधायक ने कहा कि जयराम ठाकुर की सरकार के समय प्रदेश पर कर्ज जरूर था, लेकिन उस दौरान हिमकेयर, सहारा और गरीब कल्याण जैसी योजनाएं भी चल रही थीं। उनका आरोप है कि मौजूदा सरकार में कई योजनाएं बंद हो गई हैं और युवाओं को नौकरियां भी नहीं मिल रही हैं। इसी को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री को जनता के बीच कर्ज का मुद्दा बार-बार उठाने के बजाय अपने काम का हिसाब देने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें : PHD रिजल्ट आने के बाद परेशान था छात्र, फोन करने पर नहीं उठाया- अगले दिन मिली देह
सत्ती ने CM के देहरा दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने ससुराल गए थे और वहां भी उन्होंने जनता से कई बातें कहीं। सत्ती ने कहा कि CM ने अपनी धर्मपत्नी के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना की, लेकिन इसके बाद मंच से उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को लेकर कई दावे किए, जिन्हें सत्ती ने गलत बताया।
सतपाल सत्ती ने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों को लेकर स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सबोर्डिनेट सिलेक्शन बोर्ड का बहाना बनाकर तीन साल का समय निकाल दिया, जिससे युवाओं को परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवा नौकरी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार की तरफ से उन्हें पर्याप्त रोजगार के मौके नहीं मिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें : आधा किलो चरस के साथ हरियाणवी अरेस्ट, 2 युवकों से चिट्टा और नकदी बरामद
सत्ती ने CM पर हल्के-फुल्के अंदाज में निशाना साधते हुए कहा कि CM बातों को घुमाने में काफी तेज हैं। उन्होंने CM के पुराने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वे केंद्र स्तर पर भी एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस और कांग्रेस में अलग-अलग जिम्मेदारियां हासिल करते रहे हैं। सत्ती ने दावा किया कि उस समय उन्होंने बड़े नेताओं की भी ज्यादा चलने नहीं दी।
सत्ती ने कहा कि CM को लगता है कि अब वे भाजपा के नेताओं को भी पीछे कर देंगे, लेकिन भाजपा लगातार जनता के मुद्दे उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भाजपा नेताओं को डराने-धमकाने की कोशिश कर सकती है, लेकिन लोकतंत्र में जनता को डराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दे विधानसभा और सड़क से उठते रहेंगे।