शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में इन दिनों राजनीतिक हलचलें और बयानबाजी चल रही है। इसी बीच अब लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

हिमाचल कांग्रेस में सियासी हलचल

पार्टी में पिछले कुछ दिनों से चल रहे घटनाक्रम के बीच साझा किए गए इस संदेश को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह की पोस्ट के बाद चर्चाएं तेज हो गई हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : हिंदू नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़का विवाद, थाने के बाहर लोगों ने किया चक्का जाम

मंत्री विक्रमादित्य की फेसबुक पोस्ट

विक्रमादित्य सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक संदेश साझा करते हुए लिखा कि-

जीवन का यह शाश्वत सत्य है कि दूसरों के लिए गड्ढा खोदने वाले अक्सर खुद उसमें गिर जाते हैं। इसलिए नफरत और द्वेष से दूर रहकर, सकारात्मक सोच अपनाएं और निस्वार्थ भाव से सबकी मदद करें।
हमारी अच्छाई ही हमारा सबसे बड़ा कवच है।

 

 
पोस्ट में एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया गया, जिसमें दूसरों के हित के लिए कार्य करने वाले व्यक्ति को सुखी बताया गया है। जबकि दूसरों के प्रति दुर्भावना रखने वाले के अंततः स्वयं नुकसान उठाने की बात कही गई है। उन्होंने लिखा-
यः परस्य हितायैव प्रयतते स सदा सुखी।
परद्रोहपरो यस्तु स स्वयं विनशिष्यति॥

यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार का यू-टर्न : अब सिर्फ CM की कटेगी सैलरी, मंत्रियों-विधायकों को मिलेगा पूरा पैसा

पोस्ट ने बढ़ाई चर्चाएं

हालांकि, मंत्री ने अपनी पोस्ट में किसी व्यक्ति, नेता या राजनीतिक घटनाक्रम का नाम नहीं लिया है। मगर इसका समय राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस में हाल के दिनों में कुछ नेताओं के बयानों और संगठन से जुड़े विवादों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। ऐसे माहौल में आई इस पोस्ट को कई लोग मौजूदा परिस्थितियों से जोड़कर देख रहे हैं।

समर्थक निकाल रहे कई मायने

विक्रमादित्य सिंह के समर्थकों का कहना है कि यह पोस्ट सामाजिक और नैतिक मूल्यों पर आधारित एक सामान्य संदेश है, जिसका उद्देश्य लोगों को सकारात्मक सोच और सद्भाव का संदेश देना है। उनका मानना है कि इसे राजनीतिक चश्मे से देखने की आवश्यकता नहीं है।

यह भी पढ़ें- HRTC पेंशनरों को बड़ी राहत : अब हर महीने 10 तारीख से पहले खाते में आएगा पेंशन का पैसा

अलग-अलग मतलब निकल रहे

दूसरी ओर, राजनीतिक विश्लेषक और कांग्रेस से जुड़े कई कार्यकर्ता इस पोस्ट के अलग-अलग अर्थ निकाल रहे हैं। हालांकि, पोस्ट को लेकर मंत्री की ओर से कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं की गई है, लेकिन इसके शब्दों और समय को देखते हुए यह सोशल मीडिया संदेश चर्चा का विषय बन गया है।

किसके लिए लिखी पोस्ट?

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पोस्ट का संबंध किसी विशेष घटनाक्रम से है या नहीं। मगर इतना जरूर है कि हिमाचल कांग्रेस में चल रही गतिविधियों के बीच विक्रमादित्य सिंह का यह संदेश राजनीतिक हलकों में खूब चर्चा बटोर रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें