शाहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज करने के संकेत दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी युवाओं को अवसर देगी। शाहपुर में नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह के दौरान उनके इस बयान को भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति के अहम संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें : वीरभद्र की प्रतिमा अनावरण से CM सुक्खू- विनय ने बनाई दूरी, भाजपा बोली- जगजााहिर हो गई गुटबाजी
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चुनावी तैयारियों का दौर शुरू कर दिया है और अब संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। उनके मुताबिक वह प्रदेश के करीब 25 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं और इन क्षेत्रों में भाजपा के पक्ष में माहौल नजर आ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भाजपा प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी।
युवाओं को टिकट देने का संकेत
आगामी विधानसभा चुनाव में युवाओं को टिकट देने के सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा में नौजवानों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उनके इस बयान से पार्टी के भीतर युवा चेहरों को चुनावी मैदान में उतारने की संभावनाओं पर चर्चा तेज हो सकती है। हालांकि, पार्टी कितने युवाओं को टिकट देगी और किन विधानसभा क्षेत्रों में नए चेहरों को मौका मिलेगा, इस बारे में अभी कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल जयराम ठाकुर के बयान से इतना स्पष्ट है कि भाजपा आगामी चुनाव के लिए युवा नेतृत्व को भी अपनी रणनीति का हिस्सा बनाने के संकेत दे रही है।
यह भी पढ़ें : वीरभद्र मंच पर कांग्रेस नेताओं के जमावड़े के बीच वायरल हुई हिमाचल CM बदलने की पोस्ट, बढ़ गई हलचल
सुक्खू ‘लोकप्रिय’ नहीं, ‘लोनप्रिय’ मुख्यमंत्री
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘लोकप्रिय’ के बजाय ‘लोनप्रिय’ मुख्यमंत्री करार दिया। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार प्रभावित हुई है और कई कामों पर मानो ताला लग गया है। उन्होंने प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर भी कांग्रेस सरकार को घेरा। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान जनता से कई गारंटियां पूरी करने के वादे किए थे, लेकिन सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के मोर्चे पर सरकार अपेक्षित परिणाम देने में नाकाम रही है। ये आरोप नेता प्रतिपक्ष ने राजनीतिक बयानबाजी के दौरान लगाए हैं।
यह भी पढ़ें : वीरभद्र परिवार के मंच पर जुटे सुक्खू के विरोधी! नीरज भारती को गले लगा विक्रमादित्य ने बढ़ाई सियासी हलचल
‘वोट चोरी’ के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा
दिल्ली में कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के आरोपों और मुख्यमंत्री सुक्खू के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बसें ले जाने से जुड़े सवाल पर भी जयराम ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिस चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है, उसी आयोग ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव करवाए थे, जिसके बाद कांग्रेस सत्ता में आई। जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले अपने रुख पर विचार करना चाहिए।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार में कैबिनेट विस्तार की उल्टी गिनती शुरू! दिल्ली से लौटे CM ने बताई डेट; अब फैसले का इंतजार
2027 के लिए भाजपा ने बढ़ाई राजनीतिक सक्रियता
शाहपुर में आयोजित समारोह को भाजपा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सम्मान के साथ-साथ आगामी चुनावों की तैयारी के संदेश के रूप में भी पेश किया। जयराम ठाकुर के बयानों से साफ है कि भाजपा अब कांग्रेस सरकार के कामकाज, कर्ज, विकास और चुनावी गारंटियों को प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी में है। वहीं, युवाओं को आगामी विधानसभा चुनाव में मौका देने के संकेत से पार्टी के टिकट वितरण और नए नेतृत्व को लेकर चर्चाएं भी तेज हो सकती हैं। अब देखना होगा कि भाजपा अपनी इस रणनीति को आने वाले महीनों में किस तरह जमीन पर उतारती है और कांग्रेस सरकार इन आरोपों का क्या जवाब देती है।
