कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों चुनावी माहौल पूरी तरह से गरमाया हुआ है। इस बीच प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में पालमपुर नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहां कांग्रेस के कवरिंग कैंडिडेट ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। चुनावी माहौल के बीच हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम ने स्थानीय राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।
जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की हो रही अनदेखी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कांगड़ा में पालमपुर नगर निगम के वार्ड-15 भरमात से कांग्रेस से जुड़े नेता और कवरिंग उम्मीदवार भीखम राम उर्फ विक्की ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का हाथ थाम लिया। भाजपा में शामिल होने के बाद भीखम राम ने कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली और नीतियों पर सवाल उठाए।
यह भी पढ़ें : चिट्टे ने बिगाड़ी हिमाचल की तस्वीर- देश भर में दूसरे नंबर पर पहुंचा, रिपोर्ट में हुआ खुलासा
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों से आम कार्यकर्ताओं में निराशा बढ़ रही है और इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया। उनका कहना था कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष का माहौल बन रहा है।
चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है असर
वहीं भाजपा नेताओं ने इस घटनाक्रम को कांग्रेस के प्रति लोगों और कार्यकर्ताओं की घटती आस्था से जोड़कर देखा। भाजपा के वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर ने पार्टी का पटका पहनाकर उन्हें भाजपा में शामिल करवाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं के सम्मान और योगदान को प्राथमिकता दी जाती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रात को चल रही थी दोस्तों की पार्टी, मामूली बहस के बाद युवक को पत्थर से मा.रा, देह फेंक भागे
यही कारण है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नगर निगम चुनाव से पहले इस तरह के दल-बदल का असर स्थानीय समीकरणों पर पड़ सकता है। पालमपुर नगर निगम क्षेत्र में पहले ही चुनावी मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा था, लेकिन अब इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।
