शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की बड़ी तस्वीर सामने आई है, जहां “एक व्यक्ति-एक पद” के सिद्धांत को सख्ती से लागू करते हुए कई वरिष्ठ नेताओं को झटका दिया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी नई राज्य कार्यकारिणी की पहली सूची में पुराने चेहरों की जगह नए और युवा नेताओं को प्राथमिकता दी गई है, जिससे संगठन में नई ऊर्जा भरने की कोशिश की गई है।

संगठन में पारदर्शिता और संतुलन बनाने पर काम

प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में बनी इस नई टीम में उपाध्यक्ष पदों से कई दिग्गजों की छुट्टी कर दी गई है। पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि अब एक व्यक्ति को एक ही जिम्मेदारी मिलेगी, ताकि संगठन में पारदर्शिता और संतुलन बना रहे। खास बात यह है कि पहले भी इस सिद्धांत की बात होती रही, लेकिन इसे प्रभावी तरीके से लागू नहीं किया गया था।

 

यह भी पढ़ें : 2027 के फाइनल के लिए टीम सुक्खू तैयार, अनुभव व यूथ में तालमेल बिठाने की कोशिश- देखें लिस्ट

 

नई कार्यकारिणी में युवाओं को खास तवज्जो दी गई है। एनएसयूआई और युवा कांग्रेस से जुड़े नेताओं को महासचिव जैसे अहम पद देकर एक नई नेतृत्व पीढ़ी को आगे लाने का प्रयास किया गया है। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण पर भी जोर दिया गया है और तीन महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सभी गुटों को साथ लेकर चलने की कोशिश

संगठनात्मक ढांचे की बात करें तो इस सूची में 27 महासचिव और 12 उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। आने वाले समय में सचिवों की नियुक्ति भी की जाएगी, जिनके काम का मूल्यांकन उनके प्रदर्शन के आधार पर होगा। पार्टी तेज-तर्रार और प्रभावी वक्ताओं का एक विशेष पैनल भी तैयार करने की योजना बना रही है, जो विभिन्न मुद्दों पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रख सके।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल प्रदेश में बचा है कितने दिन का तेल: मुख्यमंत्री सुक्खू ने विधानसभा में बताया..

 

इस नई टीम के जरिए कांग्रेस नेतृत्व ने सभी गुटों और धड़ों को साथ लेकर चलने की कोशिश की है, ताकि अंदरूनी मतभेद कम हों और संगठन एकजुट दिखाई दे। वहीं, ब्लॉक और जिला स्तर की कार्यकारिणी के गठन का अधिकार भी विनय कुमार को दिया गया है और जल्द ही इनकी सूची जारी हो सकती है।

पंचायत चुनावों में दिखेगा असर

पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव और भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए युवा और सक्रिय कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में जल्द ही प्रदेश में एक बड़ी रैली का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की संभावना है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें