#राजनीति
May 11, 2026
हिमाचल पंचायत चुनाव : आज नामांकन का आखिरी दिन, मैदान में उतर चुके 42 हजार से ज्यादा प्रत्याशी, जानें
12 मई को होगी नामांकन पत्रों की जांच
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। प्रदेशभर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं और गांव-गांव में चुनाव को लेकर हलचल देखने को मिल रही है। आज यानी 11 मई को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन होने के कारण पंचायत कार्यालयों और उपमंडल कार्यालयों के बाहर सुबह से ही उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
प्रदेश में प्रधान, उप प्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य (बीडीसी) और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए चुनाव लड़ा जा रहा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 7 और 8 मई तक 42 हजार 562 उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके थे।
यह भी पढ़ें : IIT मंडी के छात्र की खड्ड में डूबने से गई जा.न, दोस्तों संग नहाने गया था- परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अब आखिरी दिन यह संख्या 60 हजार के पार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है। नामांकन दाखिल होने के बाद 12 मई को सभी नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
इस दौरान उम्मीदवारों के दस्तावेजों और योग्यता की जांच होगी। इसके बाद 14 और 15 मई को प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव मैदान में अंतिम रूप से कौन-कौन उम्मीदवार रहेंगे, इसकी तस्वीर 15 मई के बाद साफ हो जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING: गहरी खाई में पलटा पर्यटकों से भरा वाहन- 6 की मौके पर मौत, 4 गंभीर
राज्य चुनाव आयोग की ओर से 15 मई को दोपहर तीन बजे सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न भी आवंटित किए जाएंगे। आयोग ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रत्याशी को अपनी पसंद का चुनाव निशान नहीं मिलेगा। उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न हिंदी वर्णमाला के अनुसार नाम के आधार पर दिए जाएंगे। इसके लिए आयोग ने पहले से सभी पदों के लिए चुनाव चिह्न तय कर रखे हैं।
हिमाचल प्रदेश की 3754 पंचायतों में कुल 31 हजार 214 जनप्रतिनिधियों का चयन होना है। इनमें 3,754 प्रधान, 3,754 उप प्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 पंचायत समिति सदस्य (बीडीसी) और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में राजनीतिक गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं और उम्मीदवार घर-घर जाकर लोगों से समर्थन मांग रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में जमीन विवाद को लेकर चले डंडे और गं.डासे, पुलिस के सामने भी नहीं रूके लोग- 15 घायल
इन चुनावों में प्रदेश के 50 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव आयोग ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से करवाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में कराए जाएंगे। 26, 28 और 30 मई को मतदान होगा। प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना मतदान वाले दिन ही पंचायत भवन में कर दी जाएगी, जबकि जिला परिषद और BDC सदस्यों की मतगणना 31 मई को होगी। पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में इस समय काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और हर गांव में चुनावी चर्चा जोरों पर है।