#राजनीति

May 12, 2026

जीत कर भगवान के पास जाना चाहता हूं... हिमाचल BJP के 92 वर्षीय पूर्व CM की भावुक अपील

92 की उम्र में चुनावी रण में कूदे शांता कुमार, भावुक अपील से एकजुट किए कार्यकर्ता

शेयर करें:

Shanta Kumar palampur

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनावों का बिगुल बजते ही सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। इस चुनावी महाकुंभ में एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने कार्यकर्ताओं में जोश और आम जनता में भावुकता भर दी है। भाजपा के सबसे वरिष्ठ स्तंभ और 92 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार खुद चुनावी रणक्षेत्र में उतर आए हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी शांता कुमार की सक्रियता ने यह साफ कर दिया है कि पालमपुर नगर निगम का चुनाव भाजपा के लिए केवल एक चुनावी मुकाबला नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा का प्रश्न है। 

 

पालमपुर में शांता कुमार ने भावुक अंदाज में कहा कि यह संभवतः उनके राजनीतिक जीवन का अंतिम चुनाव हो सकता है और वह हार के साथ नहीं बल्कि जीत के साथ भगवान के पास जाना चाहते हैं। उनके इस बयान ने भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बिजली-पानी के बिना टूटा महिला का सब्र, बच्चों संग DC ऑफिस पहुंच दी आ*त्मदा.ह की चेतावनी

'हार के साथ ईश्वर के पास नहीं जाना चाहता'

सोमवार को पालमपुर भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 'पानी वाले मुख्यमंत्री' के नाम से विख्यात शांता कुमार बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने अपने जीवन की अंतिम इच्छा साझा करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि यह संभवतः उनके राजनीतिक जीवन का अंतिम चुनाव हो सकता है और वह हार के साथ नहीं बल्कि जीत के साथ भगवान के पास जाना चाहते हैं। उनके इस बयान ने भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है।

 

यह भी पढ़ें : BREAKING: NEET UG 2026 परीक्षा हुई रद्द: पेपर लीक की आशंका - CBI जांच करेगी

 

शांता कुमार ने कहा "मैं जीवन के अंतिम मोड़ पर हूं और पता नहीं कौन सी मुलाकात आखिरी हो। मुझे लगता है कि 2027 का चुनाव मेरे जीवन का आखिरी चुनाव होगा। मैं हार कर भगवान के पास नहीं जाना चाहता।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से भावुक अपील की कि वे एकजुट होकर काम करें ताकि जब वे इस दुनिया से विदा लें, तो उनके हाथ में जीत का परचम हो।

 

संघर्ष के दिनों से स्वर्णिम युग तक का सफर

92 साल के इस कद्दावर नेता ने भारतीय जनसंघ के दौर को याद करते हुए बताया कि उन्होंने उस भाजपा को देखा है जिसके केवल 2 सांसद हुआ करते थे। उन्होंने कहा कि 1951 के कानपुर अधिवेशन से लेकर आज 22 राज्यों में भाजपा की सरकार बनने तक का सफर उनकी आंखों के सामने गुजरा है। शांता कुमार ने जोर देकर कहा कि आज भाजपा जिस मुकाम पर है, वह कार्यकर्ताओं की निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आपसी मतभेद भुलाकर पालमपुर को 'कांग्रेस मुक्त' बनाने और नगर निगम पर भाजपा का कब्जा सुनिश्चित करने के लिए जुट जाएं।

 

यह भी पढ़ें : नशे के खिलाफ सुक्खू सरकार का सबसे बड़ा फैसला- अब सरकारी नौकरी से पहले होगा चिट्टा टेस्ट

शांता कुमार के मन में अधुरे सपने की टीस

अपनी सियासी पारी का आगाज एक पंच के तौर पर करने वाले शांता कुमार ने पालमपुर के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विशेष रूप से 'पालमपुर रोपवे परियोजना' का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बदलने के कारण उनका यह सपना अधूरा रह गया। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम और प्रदेश में भाजपा की सत्ता आने पर पालमपुर को विश्व पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि विकास की जो नींव भाजपा ने रखी थी, उसे पूर्णता तक पहुंचाने के लिए भाजपा को ही चुनें।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में ढह गया करोड़ों की लागत से बन रहा पुल, विक्रमादित्य के दावों की खुली पोल

कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार

शांता कुमार के इस भावुक दांव ने पालमपुर के राजनीतिक समीकरणों को बदल कर रख दिया है। एक तरफ जहां कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज नेता अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, वहीं शांता कुमार की इस अपील ने कार्यकर्ताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया है। 1977 और 1990 में प्रदेश की कमान संभालने वाले इस दिग्गज नेता ने स्पष्ट कर दिया है कि वे अपनी अंतिम राजनीतिक पारी को 'विजयी विदाई' के रूप में देखना चाहते हैं। अब देखना यह होगा कि पालमपुर की जनता अपने इस लाडले नेता की 'अंतिम इच्छा' को जीत के साथ पूरा करती है या नहीं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख